विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अमेरिका में भारत-विरोधी नफरत बढ़ रही है...', शिकागो के हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश को लेकर MEA की प्रतिक्रिया

Published: Thu, 15 Oct 2026 03:06 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 15 Oct 2026 03:13 PM (GMT+05:30)

भारत ने अमेरिका के इलिनोइस में एक हिंदू मंदिर पर बड़े पैमाने पर गोलीबारी की कथित साजिश पर गहरी चिंता व्यक्त की है।

अमेरिका में हिंदू मंदिर पर नरसंहार की कोशिश नाकाम।

अमेरिका में हिंदू मंदिर पर नरसंहार की कोशिश नाकाम।

HighLights

  1. अमेरिका में हिंदू मंदिर पर गोलीबारी की साजिश।

  2. भारत ने साजिश को नस्लवादी, हिंदू-विरोधी बताया।

  3. भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा पर चिंता।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत ने अमेरिका के एक हिंदू मंदिर में बड़े पैमाने पर गोलीबारी करने की कथित साजिश पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है और चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय ने इस साजिश को नस्लवादी और हिंदू-विरोधी करार देते हुए कहा कि यह घटना बेहद परेशान करने वाली है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "इलिनोइस के ऑरोरा इलाके में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी करने की कथित साजिश की खबरों से हम बेहद चिंतित हैं। इस कथित साजिश का हिंदू-विरोधी और नस्लवादी स्वरूप, जिसमें भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा की बात भी शामिल है विशेष रूप से चिंताजनक है।"

क्या है मामला?

अमेरिका में 19 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। उस पर इलिनोइस (शिकागो) के ऑरोरा इलाके में स्थित एक हिंदू पूजा स्थल को संभावित रूप से निशाना बनाने की साजिश रचने का आरोप है।

अधिकारियों के अनुसार, पैलेटाइन के रहने वाले एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस को गिरफ्तार किया गया है। एक कथित सामूहिक गोलीबारी की साजिश की जांच के दौरान उसके पास से एक घोषणापत्र बरामद हुआ। इस घोषणापत्र में श्वेत वर्चस्व वाली विचारधाराएं थीं और इसमें भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा का भी जिक्र था।

विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

जयसवाल ने आगे कहा, "हमने अमेरिकी कानून प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई पर ध्यान दिया है, जिसमें संदिग्ध की गिरफ्तारी और हिरासत तथा उस पर लगाए गए आरोप शामिल हैं।"

नस्लवादी शत्रुता और भारत-विरोधी नफरत के बढ़ते मामलों की ओर इशारा करते हुए नई दिल्ली ने ऐसी घटनाओं के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का आह्वान किया है।

जयसवाल ने आगे कहा, "यह घटना अमेरिका में नस्लीय शत्रुता और भारत-विरोधी नफरत को लेकर बढ़ती चिंताओं को और बढ़ाती है। भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिक सतर्कता बरतने, नफरत से प्रेरित हिंसा के प्रति जीरो टॉलरेंस अपनाने और निर्णायक कदम उठाने की आवश्यकता है।"

विदेश मंत्रालय के बयान में यह उम्मीद भी जताई गई है कि अमेरिकी अधिकारी इस मामले की जांच करेंगे और न्याय सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि अमेरिकी अधिकारी इस मामले की पूरी जांच करेंगे, दोषियों को न्याय के दायरे में लाएंगे और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएंगे।"

बड़े पैमाने पर गोलीबारी की थी योजना 

पैलाटाइन के टैको बेल कैशियर पैपोराकिस के खिलाफ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एक अन्य व्यक्ति ने पुलिस को बताया था कि पैपोराकिस बड़े पैमाने पर गोलीबारी करने की योजना बना रहा था।

आरोपी ने कथित तौर पर टैको बेल में अपने साथ काम करने वालों से कहा था कि रविवार का दिन एक खास दिन होने वाला है। जांचकर्ताओं ने बताया कि रविवार को दिन में ही पैपोराकिस ने अपने एक सहकर्मी को फोन किया और कहा कि उसकी बंदूक जाम हो गई थी, जिसके बाद वह बिना किसी की नजर में आए बहुत तेजी से वहां से निकल गया।

यह भी पढ़ें: अमेरिका में हिंदू मंदिर में नरसंहार की साजिश! गोलीबारी करने पहुंचा किशोर, जाम हुई राइफल ने टाली बड़ी वारदात