Move to Jagran APP

मैदानी ही नहीं पहाड़ी इलाकों में भी सूरज उगल रहा है आग, कई शहरों में पारा 40 पार

जम्मू में गर्मी चरम पर है तो कश्मीर में कुछ राहत है। गुरुवार को जम्मू में दिन का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।

By Tilak RajEdited By: Published: Thu, 26 Apr 2018 09:12 PM (IST)Updated: Fri, 27 Apr 2018 06:58 AM (IST)
मैदानी ही नहीं पहाड़ी इलाकों में भी सूरज उगल रहा है आग, कई शहरों में पारा 40 पार
मैदानी ही नहीं पहाड़ी इलाकों में भी सूरज उगल रहा है आग, कई शहरों में पारा 40 पार

नई दिल्‍ली, जागरण न्यूज नेटवर्क। समूचे देश में गर्मी से लोग हलकान हैं। मैदानी इलाकों में ही नहीं, पहाड़ी राज्यों में भी गर्मी कहर बरपा रही है। देश के अनेक शहरों में पारा चालीस के पार पहुंच गया है। अलबत्ता, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बदली छाने या फिर हल्की बारिश की वजह से लोगों को राहत रही है। मौसम विभाग के अनुसार अनेक राज्यों में 28 अप्रैल के बाद मौसम का मिजाज बदलेगा और लोगों पर राहत की बारिश हो सकती है।

loksabha election banner

दिल्ली में गर्मी का कहर जारी
बृहस्पतिवार को भी दिल्ली में गर्मी का कहर जारी रहा। तेज धूप और लू के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 42 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यूं तो सुबह से ही सूरज के तेवर तल्ख थे, किन्तु दिन चढ़ने के साथ हालात खराब होते गए। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

भीग रहा बस्तर, तप रहा शेष छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में राजधानी रायपुर समेत राज्य का बड़ा हिस्सा तप रहा है। अधिकतम तापमान 39 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, बस्तर संभाग के ज्यादातर हिस्सों में मौसम मेहरबान है। रोज बदली छाने और बारिश के कारण तापमान सामान्य से एक-दो डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है।

कोलकाता में छाई है राहत की बदली
पश्चिम बंगाल में मौसम सामान्य है। हवा चल रही है। दोपहर को कोलकाता का अधिकतम तापमान 34 डिग्री, जबकि न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। हालांकि, आद्रता अधिक होने की वजह से लोगों को थोड़ी परेशानी हुई। आसमान में बादल छाए थे, जिसकी वजह से तपिश परेशान नहीं कर रही थी। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।

उत्तराखंड में पारा पहाड़ चढ़ने लगा
उत्तराखंड में पारा पहाड़ चढ़ने लगा है। यहां तक कि उच्च हिमालय में स्थित बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मध्य हिमालय भी इससे अछूता नहीं है। रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जैसे शहरों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम के मिजाज में नरमी के संकेत नहीं हैं।

पंजाब के ज्यादातर शहरों का पारा कर गया 40 पार
पंजाब में गर्मी असर दिखाने लगी है। राज्य के प्रमुख शहरों का तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। गुरुवार को बठिंडा प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, मौसम विभाग ने 28 अप्रैल तक बारिश की संभावना जताई है।

हिमाचल में सबसे गर्म रहा ऊना
हिमाचल प्रदेश में गर्मी के तेवर तीखे हो गए हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान में कोई विशेष अंतर नहीं आया है। प्रदेश में सबसे गर्म ऊना रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

चढ़ते पारा से झारखंड के लोग हलकान
झारखंड में लगातार चढ़ते पारा ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। प्रदेश के कई जिलों में पारा 42 डिग्री के पार रहा। गुरुवार को गढ़वा प्रदेश भर में सबसे गर्म रहा। यहां का तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया।

जम्मू में गर्मी चरम पर तो कश्मीर में राहत
जम्मू में गर्मी चरम पर है तो कश्मीर में कुछ राहत है। गुरुवार को जम्मू में दिन का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री दर्ज किया। कश्मीर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों में कश्मीर में बारिश और जम्मू में तापमान बढ़ने का अनुमान लगाया है।

मध्य प्रदेश के खजुराहो में पारा 45 डिग्री पर
पश्चिमी हवाओं के गर्म थपेड़ों से मध्य प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है। गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक गर्म खजुराहो में दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया।

राजस्थान में दिन चढ़ने के साथ बढ़ती है समस्या
राजस्थान में गर्मी अपना रौद्र रूप दिखा रही है। पिछले दिनों मौसम में आए उतार-चढ़ाव के बाद फिर से गर्मी का असर बढ़ने लगा है। ऐसे में दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप का असर लोगों को सताने लगता है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.