राजस्थान में रिश्ता हुआ शर्मसार, मामा ने 8वीं में पढ़ रही भांजी से किया गलत काम
जस्थान के चूरू जिले में एक मुंह बोले मामा ने अपनी आठवीं कक्षा में पढ़ रही भांजी का अपहरण कर दुष्कर्म कर डाला। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कर लिया गया है
जयपुर, जेएनएन। राजस्थान के चूरू जिले में एक मुंह बोले मामा ने अपनी आठवीं कक्षा में पढ़ रही भांजी का अपहरण कर दुष्कर्म कर डाला। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कर लिया गया है। इस बीच आरोपी फरार है।
पुलिस के अनुसार 14 वर्षीया पीड़िता आठवीं कक्षा में पढ़ती है और आरोपी पवन पीड़िता का मुंहबोला मामा है। पवन ने अपने साथी अजय की मदद से पीड़िता का अपहरण किया और उसे महाराष्ट्र के अहमदनगर ले गया। वहां उसने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के लापता होने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तलाश कर पीड़िता को अहमदनगर से बरामद कर लिया। पीड़िता ने पुलिस को उसके साथ हुई घटना के बारे में बताया। पुलिस ने आरोपी पवन और अजय के खिलाफ आईपीसी और पोक्सो की धाराओं में मामला दर्ज किया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
देश के हर राज्य में दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। कड़े कानून के बावजूद दुष्कर्म की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले दिनों ही राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में मंदबुद्धि मूक बधिर नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को यहां की पोक्सो कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने आरोपी पर 25000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। यह घटना दो वर्ष पूर्व नवम्बर 2017 में हुई थी। सवाई माधोपुर जिले के गंगापुरसिटी में दीपेश सेन घर में सो रही मंदबुद्धि मूक बधिर नाबालिग को उठाकर रेलवे लोको शेड के खंडहर में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। परिजनों ने जब बालिका को घर से गायब देखा तो वह लोको शेड के खंडहर में मिली। वहीं आरोपी दिपेश सेन भी था, जिसे परिजनों ने पकड़ लिया।
70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म
दर्रिंदों की हवस का शिकार अब बुजुर्ग महिलाएं भी हो रही हैं। हरियाणा में पिछले दिनों 70 वर्षीय बुजुर्ग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया। इंसानियत को शर्मसार करने वाला ताजा मामला चरखी दादरी जिले का है। जहां झोझू कलां थाना के अंतर्गत आने वाले गांव में एक युवक ने 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म कर किया। पुलिस को दी शिकायत में दादरी जिला के एक गांव निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने बताया कि बीती 26 अक्टूबर की रात को वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान गांव का ही एक युवक शराब के नशे में उनके घर पर आ गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।