मसूद अजहर को UNSC ने किया ग्लोबल आतंकी घोषित, जानें- अब क्या होगा इसका असर?
मसूद अजहर पर UN के प्रतिबंध लगाए जाने के बाद दुनियाभर में उसकी संपत्ति जब्त हो जाएगी। इसके अलावा उसकी सभी प्रकार की विदेशी यात्रा पर रोक लग जाएगी।
नई दिल्ली, जेएनएन। जैश-ए-मुहम्मद (jaish-e-mohammad) के सरगना मसूद अजहर को लेकर मिली सफलता पूरी दुनिया के लिए एक सुखद समाचार है। भारत में कई बार आतंकी हमलों को अंजाम दे चुका मसूद अजहर को यूएन ने वैश्विक आतंकी घोषित कर दिया है। बता दें कि भारत पिछले काफी समय से मसूद को ग्लोबल आतंकी घोषित करवाने के लिए जुटा हुआ था। लेकिन, बार-बार चीन के अड़ंगे ने इसे बचा लिया था।
आपको बता दें मसूद अजहर पर UN के प्रतिबंध लगाए जाने के बाद दुनियाभर में उसकी संपत्ति जब्त हो जाएगी। इसके अलावा उसकी सभी प्रकार की विदेशी यात्रा पर रोक लग जाएगी। उसके द्वारा हथियार खरीद पर भी बैन लग जाएगा।
इसके अलावा उसके उपर वैश्विक स्तर पर आर्थिक प्रतिबंध लग जाएगा। बता दें कि सुरक्षा परिषद से बैन होने के बाद संयुक्त राष्ट्र के सभी देश प्रतिबंध लगा देंगे। इसके साथ दुनिया भर में अजहर की एंट्री बंद हो जाएगी।
बता दें कि भारत में हुए कई हमलों के लिए जैश-ए-मुहम्मद सरगना मसूद अजहर जिम्मेदार था। पुलवामा से पहले उसके संगठन जैश ने 2016 में पठानकोट एयरबेस पर हमला, साल 2001 में संसद पर हमला, उसी साल जम्मू-कश्मीर विधानसभा हमला और कश्मीर में सुरक्षा बलों के खिलाफ कई हमलों को अंजाम दिया है।
31 दिसंबर 1999 को आतंकवादियों ने काठमांडू से उड़ान भरने वाले एक भारतीय विमान को हाईजैक कर लिया था। उसके बंधकों को छुड़ाने के बदले में अजहर को रिहा किया गया था। इसके बाद से वह पाकिस्तान में रहते हुए लगातार भारत के खिलाफ आतंकी घटनाओं को अंजाम देता रहा है।