विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मणिपुर में फिर हिंसा: नागा संगठनों का उग्रवादियों को अल्टीमेटम, 48 घंटे में मृतक का कटा हुआ सिर वापस करो

Published: Mon, 12 Oct 2026 01:04 PM (GMT+05:30)Updated: Mon, 12 Oct 2026 01:08 PM (GMT+05:30)

मणिपुर के कांगपोकपी में एक नागा व्यक्ति की हत्या के बाद तनाव बढ़ गया है, जहां उग्रवादियों ने उसका सिर ...और पढ़ें

मणिपुर में फिर भड़की हिंसा (फाइल फोटो- सोशल मीडिया)

मणिपुर में फिर भड़की हिंसा (फाइल फोटो- सोशल मीडिया)

HighLights

  1. मणिपुर के कांगपोकपी में नागा व्यक्ति की हत्या।

  2. उग्रवादियों ने अजिनबोउ आर का सिर काटा।

  3. नागा संगठनों ने 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया।

डिजिटल डेस्क, इंफाल। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में हथियारबंद उग्रवादियों द्वारा नागा समुदाय के 52 वर्षीय अजिनबोउ आर नामक व्यक्ति की हत्या के बाद राज्य में तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। जॉइंट ट्राइब्स काउंसिल ने मृतक का कटा हुआ सिर वापस सौंपने के लिए प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

दरअसल, अजिनबोउ की हत्या शनिवार को कांगपोकपी जिले के माकुई अशांग गांव पर संदिग्ध उग्रवादियों के हमले में हुई थी। शनिवार को एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें सेना जैसी वर्दी पहने भारी हथियारों से लैस उग्रवादियों के बीच अजिनबोउ का सिर दिखाई दे रहा था।

रविवार रात को अजिनबो का सिर कटा हुआ शव इंफाल के जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज लाया गया।

इसके बाद मणिपुर के नागा सिविल सोसाइटी के संगठन जॉइंट ट्राइब्स काउंसिल ने कहा, 'अजिनबोउ आर का सिर गायब है। जब तक उनका सिर उनके परिवार वालों को सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए नहीं सौंपा जाता, तब तक पोस्टमार्टम नहीं किया जाएगा।'

संगठन ने कटा हुआ सिर वापस करने की मांग करते हुए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। जिसे न मानने पर न्याय सुनिश्चित करने के लिए सबसे कड़े कदम उठाने की चेतावनी दी गई है। राज्य और केंद्र सरकारों को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए संगठन ने कहा कि यह घिनौना अपराध मानवता का अपमान है।

गौरतलब है कि बीते शुक्रवार और शनिवार को मणिपुर के कामजोंग, उखरुल और कांगपोकपी जिलों में गोलीबारी की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम नौ लोग मारे गए, जिससे राज्य में हिंसा का एक नया दौर शुरू हो गया है।

कैसे हुई विवाद की शुरुआत?

हिंसा की शुरुआत शुक्रवार रात को हुई, जब नागा-बहुल कामजोंग जिले के कुकी-बहुल इलाके, चस्साद गांव में अज्ञात हमलावरों ने पांच बच्चों की मां, एक 22 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। उसकी हत्या के बाद कुकी और नागा सशस्त्र समूहों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई, जो शनिवार सुबह तक जारी रही।

मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने इन हत्याओं की निंदा की है और संबंधित अधिकारियों से कहा है कि वे हालात को काबू में करने, शांति और व्यवस्था बहाल करने और सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल और प्रभावी कदम उठाएं।