भारतीय अनुंसधान पोत में लगी आग, क्रू मेंबर्स समेत 16 वैज्ञानिक जहाज पर थे मौजूद
कर्नाटक के मंगलौर में भारतीय तटरक्षक सागर संपदा में आग लग गई। भारतीय तटरक्षक के विशेष सागर संपदा जहाज पर 30 क्रू मेंबर्स के साथ 16 वैज्ञानिक शोध के लिए निकले हुए थे।
नई दिल्ली, एएनआइ। कर्नाटक के मंगलौर में भारतीय समुद्री जहाज में आग लग गई। भारतीय तटरक्षक अनुंसधान के विशेष जहाज 'सागर संपदा' में आग लगने के बाद, भारतीय तटरक्षक बल के दो जहाज मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचे जहाजों ने सागर संपदा में लगी आग पर काबू पाया। इस दौरान दुर्घटनाग्रस्त जहाज में चालक दल के 30 सदस्यों के अलावा 16 वैज्ञानिक भी मौजूद थे।
भारतीय तटरक्षक बल कार्यलय ने जानकारी देते हुए बताया कि आग का पता लगने पर तटरक्षक बल के दो जहाज 'विक्रम' और 'शूर' मौके पर पहुंच गए। दुर्घटनाग्रस्त 'सागर संपदा' जहाज को तुरंत ही मंगलौर पोर्ट के लिए वापस लाया गया। बता दें कि 'सागर संपदा' भारतीय अनुसंधान का विशेष जहाज है। जिसके माध्यम से समुद्री जीव विज्ञान और मत्स्य पर शोध किया जाता है।
गौरतलब है कि इसके पहले जून 2018 को कोलकाता के हल्दिया पोर्ट से करीब 60 नॉटिकल मील (करीब 111 किलोमीटर) दूर बंगाल की खाड़ी में व्यापारिक जहाज एमवी एसएसएल कोलकाता में भीषण आग लग गई थी। जिसके तुरंत बाद कोस्ट गार्ड की टीम ने राहत व बचाव कार्य शुरू करते हुए जहाज पर सवार चालक दल के 22 सदस्यों को बचा लिया। हालांकि, तब जहाज का 70 फीसद हिस्सा जल चुका था। उस दौरान जहाज पर 464 कंटेनर लदे हुए थे।