Bank Accounts Hack कर रुपये निकाल रहा शातिर, ऐसे मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार
Bank Account Hack कर खातों से रुपये निकाले जाने के मामले देश में तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में मुंबई में गिरफ्तार आरोपी के जरिए पुलिस किसी बड़े गिरोह तक पहुंच सकती है।
मुंबई, पीटीआई। मुंबई पुलिस ने बैंक खातों को हैक कर रुपये निकालने वाले एक शातिर साइबर क्रिमिनल को गिरफ्तार किया है। उस पर दो बैंकों के खातों में सेंध लगा लाखों रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करने का आरोप है। हैरानी की बात ये है कि पुलिस ने आरोपी को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया था, लेकिन पूछताछ में आरोपी ने खुद ने बैंक खाते हैक कर रुपये ट्रांसफर करने की कहानी बता दी। उसकी कहानी सुनकर मुंबई पुलिस भी दंग रह गई।
मुंबई पुलिस को ये कामयाबी ठाणे जिला के दिवा एरिया में मिली है। पुलिस ने यहां चेकिंग के दौरान एक युवक को देशी तमंचे के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमेश कवरिया (32) निवासी चेंबूर मुंबई के रूप में हुई है। उसे मुंबई पुलिस की सेंट्रल क्राइम यूनिट की टीम ने मंगलवार देर रात गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से तमंचा बरामद होने पर उसे थाने लाकर विस्तृत पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह एक साइबर क्रिमिनल है। उसने दो बैंकों के खाते हैक कर उसमें से 23 लाख रुपयों का गबन किया है। पुलिस के अनुसार बैंक खाते हैक कर रुपये ट्रांसफर करने के मामले में आरोपी के खिलाफ मुंबई और हैदराबाद में रिपोर्ट भी दर्ज है। इन मामलों में आरोपी पहले से वांटेड था।
10 हजार रुपये में खरीदी थी पिस्टल
असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर एनटी कदम ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में पता चला है कि उसने 10 हजार रुपये में तमंजा खरीदा था। आरोपी ने तमंचा किससे खरीदा था, उसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस तमंचा बेचने वाले को भी गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करेगी। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और आईटी एक्ट के तहत मुंब्रा पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
बड़े गिरोह के शामिल होने की आशंका
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ के बाद आशंका है कि बैंक खातों को हैक कर रुपये निकालने का एक बड़ा गिरोह सक्रिया है। उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ भी विस्तृत जांच की जा रही है। उससे ये पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने दो बैंको खातों के अलावा और किन-किन बैंक खातों में सेंध लगाई है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप