तेलंगाना में रिश्ता हुआ शर्मसार, दामाद ने अपनी सास को बनाया हवस का शिकार
दुष्कर्म का ताजा मामला तेलंगाना का है जहां एक 48 वर्षीय महिला को उसके 34 वर्षीय दामाद ने शराब के नशे में कथिततौर पर हवस का शिकार बनाया।
हैदराबाद, पीटीआइ। देश में दुष्कर्म के मामले थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। दुष्कर्म का ताजा मामला तेलंगाना का है, जहां एक 48 वर्षीय महिला को उसके 34 वर्षीय दामाद ने शराब के नशे में कथिततौर पर हवस का शिकार बनाया। रिश्तों को शर्मसार करने वाली ये घटना पुंजागुट्टा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी शख्स ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
महिला पिछले कुछ सालों से अपनी बेटी और दामाद के साथ ही रह रही है। पुलिस ने बताया कि घटना बीते 13 नवंबर की है। रात को शराब के नशे में शख्स अपनी सास के कमरे में घुस गया। महिला उस समय गहरी नींद में सो रही थीं। दुष्कर्म के आरोपी शख्स ने इसका फायदा उठाया और कथिततौर पर महिला के साथ दुष्कर्म किया। महिला ने पुलिस को बताया कि जब दामाद ने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया, तब उसकी बेटी काम पर गई हुई थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी शख्स के खिलाफ आइपीसी की धारा 376 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एफआइआर में दर्ज महिला के बयान के मुताबिक, बेटी जब घर आई, तब दुष्कर्म पीडि़ता ने पूरी घटना के बारे में उसे बताया। आरोपी शख्स से जब उसकी पत्नी ने इसके बारे में पूछा, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। शख्स ने कहा कि शराब के नशे में उससे यह गलत काम हुआ और वह माफी मांगने लगा। इसके बाद मां-बेटी पुलिस स्टेशन पहुंची और मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस ने यह नहीं बताया कि आरोपी शख्स को गिरफ्तार किया गया है या नहीं।
इसे भी पढ़ें: जब महिलाओं के खिलाफ क्रूर दुष्कर्म और हिंसा के इन मामलों ने देश को झकझोरा
गौरतलब है कि कुछ दिनों तेलंगाना में एक महिला वेटरनरी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म का दिल दहला देनेवाला मामला सामने आया था। दुष्कर्म कांड के चारों आरोपियों का एनकाउंटर पिछले दिनों कर दिया गया। इन चारों पर महिला वेटरनरी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और मर्डर का आरोप था। पुलिस का दावा है कि ये सभी आरोपी भागने की कोशिश कर रहे थे और इस दौरान पुलिस की ओर से हुई फायरिंग में सभी आरोपी मारे गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अगर यह आरोपी भाग जाते तो बड़ा हंगामा खड़ा हो जाता इसलिए पुलिस के पास दूसरा कोई रास्ता नहीं था और जवाबी फायरिंग में चारो आरोपी मारे गए. माना जा रहा है कि इस मामले की पूरी जानकारी पुलिस कमिश्नर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं।
80 साल के बुजुर्ग ने 8 वर्ष की मासूम के साथ किया दुष्कर्म
दिल्ली के मंडावली इलाके में भी दुष्कर्म का एक शर्मसार करनेवाला मामला सामने आया है। यहां आठ साल की मासूम से दुष्कर्म करने का आरोप एक 80 साल के बुजुर्ग मकान मालिक पर लगा है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता का परिवार मंडावली में किराये पर रहता है। पिता निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। मकान मालिक नीचे के मंजिल पर रहता है। आरोप है कि करीब एक हफ्ते पहले मकान मालिक बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने बच्ची को किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इस वजह से बच्ची सहम गई, लेकिन इस घटना से वह उदास रहने लगी। बृहस्पतिवार को जब मां ने उससे कारण पूछा तो बच्ची ने हिम्मत कर आपबीती बता दी। इसके बाद परिजन थाने पहुंच गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
इसे भी पढ़ें: दुनिया के वो देश जहां दुष्कर्म के दोषियों को दी जाती है रूह कंपा देने वाली सजा