राव को पहले से थी अयोध्या कांड की जानकारी
जागरण ब्यूरो, कोलकाता। वर्ष उन्नीस सौ बानबे में अयोध्या में बाबरी मस्जिद का विवादित ढांचा ढहाए जाने को लेकर वेबपोर्टल 'कोबरा पोस्ट' के स्टिंग ऑपरेशन के बाद बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सनसनीखेज खुलासा किया है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को पहले से इसकी जानकारी थी। शुक्रवार क
जागरण ब्यूरो, कोलकाता। वर्ष उन्नीस सौ बानबे में अयोध्या में बाबरी मस्जिद का विवादित ढांचा ढहाए जाने को लेकर वेबपोर्टल 'कोबरा पोस्ट' के स्टिंग ऑपरेशन के बाद बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सनसनीखेज खुलासा किया है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को पहले से इसकी जानकारी थी।
शुक्रवार को बर्द्धमान जिले के रानीगंज में आयोजित चुनाव सभा में ममता ने कहा कि उन्हें तत्कालीन सूचना व संस्कृति मंत्री अजित पांजा ने बताया था कि उन्होंने प्रधानमंत्री को घटना के संदर्भ में एक सीडी दी थी, लेकिन राव ने उन्हें चुपचाप रहने को कहा था। ममता ने कांग्रेस व भाजपा पर अयोध्या कांड में साठगांठ होने का भी आरोप लगाया।
जनसभा में तृणमूल प्रमुख ने कहा, मुझे जानकारी मिली कि टीवी पर अयोध्या मुद्दे को लेकर कुछ दिखाया जा रहा है। तत्कालीन मंत्री अजित पांजा से मैंने एक बार अयोध्या कांड के बारे में पूछा था। तब तृणमूल कांग्रेस का गठन भी नहीं हुआ था। पार्टी बनने के बाद अजित दा हमारे साथ आ गए और सांसद भी बने। इसके बाद उन्होंने बताया कि मैंने तत्कालीन प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव को इस बाबत सीडी दी थी, लेकिन उन्होंने चुप रहने को कहा था। इस पर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद प्रदीप भंट्टाचार्य ने सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि घटना के इतने दिनों बाद ममता को ये बात क्यों याद आई है। इससे पहले उन्हें क्या हो गया था, जो वह लोगों को नहीं बता सकीं।
बुखारी की अपील से तृणमूल उत्साहित
कोलकाता। दिल्ली की जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी का बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी को चुनाव में समर्थन करने की घोषणा से तृणमूल कांग्रेस नेता उत्साहित हैं। प्रदेश के लगभग 28 प्रतिशत मुसलमानों कावोट तृणमूल के पक्ष में जाने की संभावना को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस के नेता हताश हैं, जबकि वाम दल ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
प्रदेश की 42 में से करीब एक दर्जन सीटों पर मुस्लिम वोटर खासा प्रभाव डालते हैं। हालांकि बुखारी ने राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस को समर्थन की घोषणा की है, जबकि बिहार में लालू प्रसाद की राजद को समर्थन का एलान किया है।