सेहत के क्षेत्र में डिजिटलाइजेशन की बड़ी पहल
केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में डिजिटलाइजेशन के लिहाज से एक साथ कई पहल की हैं। आम लोगों की मदद के लिए जहां मोबाइल ऐप 'स्वस्थ भारत' शुरू किया गया है, वहीं ब्लड बैंक सुविधा को भी आनलाइन लाने के लिए 'ई-रक्तकोष' सेवा शुरू की गई है।
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में डिजिटलाइजेशन के लिहाज से एक साथ कई पहल की हैं। आम लोगों की मदद के लिए जहां मोबाइल ऐप 'स्वस्थ भारत' शुरू किया गया है, वहीं ब्लड बैंक सुविधा को भी आनलाइन लाने के लिए 'ई-रक्तकोष' सेवा शुरू की गई है। इसी तरह जच्चा-बच्चा की मदद का काम करने वाली सरकारी एएनएम नर्सो को अब अनमोल टैबलेट दिए जाएंगे। इनकी मदद से वे फिल्ड से ही सारे आंकड़े दर्ज कर सकेंगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने गुरुवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर इन सेवाओं की शुरुआत की। मोबाइल ऐप के जरिए लोग सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल कर पाएंगे। इसी तरह देश भर के ब्लड बैंक को आनलाइन करने के लंबे समय से चल रहे प्रयास को अब अंजाम तक पहुंचाने में कामयाबी मिल गई है। ई-रक्तकोष के जरिए ना सिर्फ नजदीकी ब्लड बैंक की जानकारी मिल सकेगी, उनसे संपर्क भी किया जा सकेगा। साथ ही यहां उपलब्ध ब्लड के बारे में भी जानकारी मिल सकेगी।
देश के दूर-दराज इलाकों में घर-घर जा कर सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं देने वाली एएनएम नर्सो को अब अनमोल टैबलेट दिया जाएगा। इसके लिए विशेष एप्लीकेशन तैयार किया गया है। इसकी खास बात है कि यह एएनएम को सारे ब्योरे फिल्ड से ही आनलाइन दर्ज करने में तो मदद करेगा ही उनके बचे हुए काम के बारे में भी उन्हें याद दिलाता रहेगा। इसी तरह वे लोगों को उपयोगी स्वास्थ्य संदेश वाले वीडियो भी दिखा सकेंगी।
डेंगू के खतरे को देखते हुए एक अलग से मोबाइल एप्लीकेशन तैयार किया गया है। 'इंडिया फाइट्स डेंगू' नाम के इस ऐप्लीकेशन के जरिए आम लोग इसके बारे में सभी जानकारी हासिल कर सकेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रिकार्ड किए संदेश में इस एप्लीकेशन का उपयोग देश को डेंगू से मुक्त करवाने के लिए करने की अपील की।