डराने लगे महाराष्ट्र में कोरोना के आंकड़े, पांच महीने बाद राज्य में एक दिन में आए 10 हजार से अधिक नए केस
महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों ने चिंता पैदा कर दी है। महाराष्ट्र में करीब पांच महीने बाद एक दिन में 10 हजार से ज्यादा नए मामले मिले हैं। राज्य में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण से 53 और लोगों की मौत हो गई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। महाराष्ट्र में कोरोना महामारी की स्थिति एक बार फिर गंभीर रूप लेने लगी है। राज्य में करीब पांच महीने बाद एक दिन में 10 हजार से ज्यादा नए मामले मिले हैं। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक राज्य में कोरोना महामारी के चलते मरने वालों की संख्या बढ़कर 52,393 हो गई है। महाराष्ट्र समेत कुछ अन्य राज्यों में बढ़ते मामलों से देश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा एक करोड़ 12 लाख के करीब पहुंच गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी हो रही है।
पांच महीने बाद एक दिन में 10 हजार से ज्यादा मामले
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने देर रात को मुंबई में बताया कि 17 अक्टूबर, 2020 के बाद पहली बार राज्य में एक दिन में 10 हजार से ज्यादा (10,216) नए केस मिले हैं। पिछले साल 17 अक्टूबर को कुल 10,259 नए मामले सामने आए थे। महाराष्ट्र में बुधवार को 9,855 और गुरुवार को 8,998 नए मामले सामने आए थे।
मुंबई में 1,174, पुणे में 849 और नागपुर में 1,225 नए केस
अधिकारियों ने बताया कि मुंबई में 1,174, पुणे में 849 और नागपुर में 1,225 नए मामले पाए गए हैं। महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 53 और लोगों की संक्रमण से मौत हुई है जिसके साथ ही राज्य में कोरोना महामारी के चलते मरने वालों की संख्या बढ़कर 52,393 हो गई है।
पांच राज्यों में सक्रिय मामले घटे
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले एक महीने के दौरान केरल, उत्तर प्रदेश, बंगाल, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में सबसे ज्यादा सक्रिय मामले कम हुए हैं जबकि महाराष्ट्र, पंजाब, मध्य प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में सबसे ज्याद सक्रिय मामलों की संख्या बढ़ी है।
20 राज्यों में हजार से कम सक्रिय मामले
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक हजार से कम सक्रिय मामले हैं। इनमें से अरुणाचल प्रदेश में सिर्फ दो सक्रिय मामले रह गए हैं। देश में समग्र संक्रमण की दर में गिरावट जारी है। मौजूदा वक्त में यह 5.08 फीसद है।
18 राज्यों में 24 घंटों में कोरोना से कोई मौत नहीं
राहत की बात यह भी है कि देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के चलते किसी भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है। इन 18 राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, असम, चंडीगढ़, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, ओडिशा, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के लगभग सभी राज्य शामिल हैं।
गुरुवार को 7.61 लाख टेस्ट
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए गुरुवार को देशभर में 7,61,834 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अब तक कुल 21 करोड़ 99 लाख 40 हजार से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।
देश में अब तक 1,57,548 लोगों की मौत
देश में संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ 11 लाख 73 हजार को पार कर गया है जिसमें अब तक एक करोड़ आठ लाख 39 हजार से ज्यादा संक्रमित ठीक हो चुके हैं जबकि 1,57,548 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में मरीजों की रिकवरी रेट 97.01 फीसद पर आ गई है जबकि मृत्युदर 1.41 फीसद है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की मानें तो देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। मौजूदा वक्त में कुल 1,76,319 सक्रिय मामले हैं।