Maharashtra Political Crisis: सूरत में एकनाथ शिंदे और बागी विधायकों का होटल बना छावनी
महाराष्ट्र का सत्तारूढ़ गठबंधन मुंबई में अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रहा है। इस बीच लोगों की नजरें भाजपा शासित गुजरात में सूरत के एक होटल पर टिक गई हैं जहां शिवसेना के असंतुष्ट मंत्री एकनाथ शिंदे और पार्टी के बागी विधायक ठहरे हुए हैं।
सूरत, प्रेट्र। महाराष्ट्र का सत्तारूढ़ गठबंधन मुंबई में अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रहा है। इस बीच लोगों की नजरें वहां से करीब 280 किमी दूर भाजपा शासित गुजरात में सूरत के एक होटल पर टिक गई हैं, जहां शिवसेना के असंतुष्ट मंत्री एकनाथ शिंदे और पार्टी के बागी विधायक ठहरे हुए हैं। मंगलवार सुबह से ही होटल पर करीब 400 पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया है। पुलिसकर्मियों ने किसी भी 'अनधिकृत' व्यक्ति को होटल के अंदर जाने से रोकने के लिए प्रवेश और निकास दोनों स्थानों पर बैरिकेड लगा दिए हैं। इसके साथ ही होटल छावनी में तब्दील हो गया है। होटल में पहले से ठहरे मेहमान एक-एक कर जा रहे हैं।
होटल ने बंद की नई बुकिंग, आने-जाने के रास्ते की बैरिकेडिंग
सूत्रों ने बताया कि शहर के डुमास रोड स्थित होटल ने अनिश्चितकाल के लिए नई बुकिंग बंद कर दी है। उत्तर महाराष्ट्र में जलगांव से भाजपा विधायक संजय कुटे दोपहर में अपनी कार से होटल पहुंचे और उन्हें वहां ठहरे शिवसेना नेताओं से मिलने के लिए अंदर जाने दिया गया। परिसर के अलावा होटल के अंदर जिस मंजिल पर बागी विधायक ठहरे हुए हैं, वहां भी पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
सुबह से ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी यहां का दौरा कर रहे हैं। उन्हें तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश देते देखा गया। किसी बाहरी व्यक्ति को होटल परिसर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। कर्मचारियों को उनके पहचान पत्र की जांच और संबंधित अधिकारियों से अनुमति के बाद ही अंदर जाने दिया जा रहा है। कैमरामैन और पत्रकारों का एक बड़ा समूह होटल के बाहर डेरा डाले हुए है।