Move to Jagran APP

कम हुए कोरोना के नए केस लेकिन सक्रिय मामलों में शीर्ष पर महाराष्ट्र, जानें बाकी राज्‍यों में क्‍या हैं हालात

देश में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 71 लाख के पार कर गई है लेकिन हालात बेहतर होने के संकेत मिल रहे हैं। नए मामलों में लगातार गिरावट आ रही है और सक्रिय मामले भी घट रहे हैं। महाराष्ट्र में सबसे अधिक सक्रिय मामले हैं।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Mon, 12 Oct 2020 08:35 PM (IST)Updated: Mon, 12 Oct 2020 08:35 PM (IST)
कम हुए कोरोना के नए केस लेकिन सक्रिय मामलों में शीर्ष पर महाराष्ट्र, जानें बाकी राज्‍यों में क्‍या हैं हालात
नए मामलों में लगातार गिरावट आ रही है लेकिन महाराष्ट्र में सबसे अधिक सक्रिय मामले हैं।

नई दिल्ली, जेएनएन। देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 71 लाख के पार कर गई है, लेकिन हालात बेहतर होने के संकेत मिल रहे हैं। नए मामलों में लगातार गिरावट आ रही है और सक्रिय मामले भी घट रहे हैं। इस महामारी के चलते रोजाना होने वाली मौतों की संख्या भी कम हो रही है। पिछले चार दिनों से प्रतिदिन नौ सौ से भी कम मरीजों की मौत हो रही है। अभी तक एक लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक सक्रिय मामले हैं।

loksabha election banner

लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या

वहीं, ठीक होने वाले मरीजों की संख्या दिनों दिन बढ़ रही है। अब तक 61 लाख से अधिक लोग महामारी को मात दे चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सोमवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान 66,732 नए मामले सामने आए हैं और कुल संक्रमितों की संख्या 71.20 लाख हो गई है। इस दौरान 71,559 मरीज ठीक हुए हैं और अब तक स्वस्थ हो चुके मरीजों का आंकड़ा 61.49 लाख पर पहुंच गया है। 816 और मरीजों की मौत हुई है।

जा चुकी है 1.09 लाख लोगों की जान

इस महामारी से कुल 1.09 लाख लोगों की जान जा चुकी है। इसके साथ मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 86.36 फीसद और मृत्युदर 1.53 प्रतिशत हो गई है। सक्रिय मामले 8.61 लाख हैं जो कुल मामलों का 12.10 फीसद है। लगातार चार दिनों से सक्रिय मामले नौ लाख से नीचे बने हुए हैं।

रविवार को 9.94 लाख टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक रविवार को 9,94,851 नमूनों की जांच की गई। आइसीएमआर ने बताया कि 11 अक्टूबर तक कुल आठ करोड़ 78 लाख 72 हजार 093 नमूनों की जांच की जा चुकी थी।

महाराष्ट्र में सबसे अधिक सक्रिय मामले

कोरोना महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में सबसे अधिक 2.21 लाख सक्रिय मामले हैं। राज्य में 12.66 लाख मरीज ठीक भी हो चुके हैं। महाराष्ट्र के बाद कर्नाटक में 1.20 लाख, आंध्र प्रदेश में 46,295, तमिलनाडु में 44,095 और दिल्ली में 21,701 उपचाराधीन मरीज हैं।

81 फीसद नए मामले 10 राज्यों में

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि एक दिन में सामने आए नए मरीजों में 81 फीसद 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से हैं। इसमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 10 हजार से अधिक और कर्नाटक व केरल में नौ हजार से अधिक नए केस शामिल हैं। एक दिन में स्वस्थ हुए कुल मरीजों में 77 फीसद भी 10 राज्यों से हैं। इसमें भी महाराष्ट्र और कर्नाटक में सबसे अधिक 10-10 हजार ठीक हुए मरीज शामिल हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.