महाराष्ट्र FDA की नकली दवाओं पर बड़ी कार्रवाई: 29 लाइसेंस रद, लाखों का कॉस्मेटिक सामान जब्त
एफडीए ने राज्य में दो सप्ताह तक चले निरीक्षण अभियान के दौरान नियमों के उल्लंघन का पता चलने के बाद ...और पढ़ें

महाराष्ट्र FDA ने रद किए 29 लाइसेंस, 28.52 लाख रुपये की दवाएं और कॉस्मेटिक जब्त
HighLights
छत्रपति संभाजीनगर में, प्रशासन ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है
एफडीए ने रक्त भंडारण केंद्रों और दवा परीक्षण प्रयोगशालाओं का भी निरीक्षण किया
पीटीआई, मुंबई। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने राज्य में दो सप्ताह तक चले निरीक्षण अभियान के दौरान नियमों के उल्लंघन का पता चलने के बाद 29 लाइसेंस रद कर दिए और 71 लाइसेंस निलंबित कर दिए और 28.52 लाख रुपये से अधिक मूल्य की अवैध दवाएं और प्रसाधन सामग्री (कास्मेटिक) को जब्त किया गया।
शुक्रवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार अभियान के दौरान दवा दुकानों, ब्लड बैंकों और दवा निर्माण संयंत्रों समेत 937 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। अनियमितताएं मिलने पर 450 नोटिस जारी किए गए। इनमें दवा विक्रेताओं को 382 नोटिस मिले।
औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के उल्लंघन पर 22 लाइसेंस रद और 49 लाइसेंस निलंबित किए गए।
एफडीए ने दवा, कास्मेटिक और चिकित्सा उपकरण निर्माताओं, रक्त केंद्रों, रक्त भंडारण केंद्रों और दवा परीक्षण प्रयोगशालाओं का भी निरीक्षण किया।
छत्रपति संभाजीनगर में, प्रशासन ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जो कथित तौर पर साइकोट्रोपिक दवा नाइट्रोजेपम की 34 गोलियों की अवैध खरीद-फरोख्त में शामिल थे।
पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम, 1985 और औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
