MP: यूरिया और माल्ट पाउडर घोलकर बना रहे थे नकली दूध, 350 लीटर केमिकल भी किया गया जब्त
डीएसपी मुख्यालय मोतीलाल कुशवाहा ने बताया कि नकली दूध-घी का कारोबार करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों जगह से आठ सैंपल लिए हैं। इन्हें जांच के लिए भोपाल लैब भेजा जाएगा। यहां विक्रम उर्फ पप्पू नरवरिया की डेयरी में तैयार दूध-घी को लोडिंग किया जा रहा था।
भिंड, जेएनएन। पुलिस और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बरोही के सेमरा गांव में दो डेयरियों पर छापा मारा। यहां माल्ट पाउडर, यूरिया से दूध बनता मिला। माल्ट पाउडर के बैग और तैयार दूध की कैन करब (बाजरे की फसल के अपशिष्ट भूसे) में छिपाकर रखी थी। पुलिस ने 200 किलो माल्ट पाउडर, 350 लीटर आरएम केमिकल, दो बैग यूरिया जब्त किया है। एक कढ़ाई में घुला हुआ यूरिया मिला।
डीएसपी मुख्यालय मोतीलाल कुशवाहा ने बताया कि नकली दूध-घी का कारोबार करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों जगह से आठ सैंपल लिए हैं। इन्हें जांच के लिए भोपाल लैब भेजा जाएगा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश शिरोमणि के साथ बरोही थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में डेयरी पर छापामारी कार्रवाई की है।
मिलावट में पाम ऑयल का भी किया जा रहा था इस्तेमाल
यहां विक्रम उर्फ पप्पू नरवरिया की डेयरी में तैयार दूध-घी को लोडिंग किया जा रहा था। टीम पहुंची तो कढ़ाही में दो किलो यूरिया घुला हुआ मिला। 150 किलो माल्टोडेक्सट्रिन पाउडर, 30 किलो पाम ऑयल, दो टिन में 30 किलो घी, 250 किलो आरएम केमिकल, 150 लीटर दूध, 50 किलो क्रीम, दो बैग यूरिया मिला। यहां भी तैयार दूध और माल्ट पाउडर को करब में छिपाकर रखा गया था।
पुलिस ने विक्रम नरवरिया को गिरफ्तार किया है। विक्रम की डेयरी से करीब 100 मीटर दूरी पर रामवीर सिंह पुत्र हुकुम सिंह नरवरिया की डेयरी पर छापा मारा। यहां से यहां से 2 बैग माल्ट पाउडर, एक ड्रम आरएम केमिकल, 60 किलो घी, 120 किलो क्रीम जब्त किया।
भिंड मुख्यालय के डीएसपी मोतीलाल कुशवाहा ने कहा कि पुलिस ने रामवीर सिंह नरवरिया को हिरासत में लिया है। सेमरा गांव में दो डेयरियों पर छापामार कार्रवाई कर नकली दूध, माल्ट पाउडर, केमिकल और यूरिया के बैग जब्त किए हैं। दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।