सार्वजनिक स्थलों पर विसर्जित नहीं होंगी प्रतिमाएं, सीएम ने की लोगों से घर पर रहकर त्योहार मनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिमाओं की स्थापना ताजिए निकालना पूरी तरह से प्रतिबंधित है।
भोपाल, जेएनएन। कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रदेश में सार्वजनिक स्थलों पर न तो झांकियां लगाई जाएंगी और न ही प्रतिमाएं विसर्जित की जाएंगी। सरकार ने इस पर सख्ती से रोक लगा दी है। प्रतिमाएं विसर्जित करने के लिए प्रत्येक वार्ड या क्षेत्र में कलेक्शन प्वाइंट (संग्रह बिंदु) बनाए जाएंगे। जहां पूरी पवित्रता के साथ गणेश प्रतिमाएं इकठ्ठी की जाएंगी। शुक्रवार को कोरोना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह निर्देश दिए। उन्होंने जनता से अपील की कि त्योहार घर पर मनाएं और कोरोना संबंधी सभी निर्देशों का पालन करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिमाओं की स्थापना, ताजिए निकालना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। वहीं संक्रमण से बचाव के मद्देनजर सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिमाओं के विसर्जन पर भी रोक लगाई है।
चिन्हित जगहों पर प्रतिमाएं इकठ्ठी की जाएंगी और फिर स्थानीय निकाय उन्हें विसर्जित करेंगे। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस से कहा कि इस संबंध में जिलों को विस्तृत गाइडलाइन जारी करें। मुख्यमंत्री ने मैदानी अधिकारियों को फीवर क्लीनिक को और प्रभावी बनाने को कहा, ताकि लोग आसानी से जांच करा सकें। वहीं क्वारंटाइन सेंटर (संगरोध केंद्र) में अच्छी व्यवस्था करने के लिए कहा। होम क्वारंटाइन और होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों की देखभाल की अच्छी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। समीक्षा में बताया गया कि प्रदेश में बगैर लक्षण वाले मरीजों में होम आइसोलेशन की प्रवृत्ति बढ़ रही है। अभी 15 फीसद (1617) व्यक्ति होम आइसोलेशन में हैं।
प्रदेश की सुधार दर 76.1 फीसद
समीक्षा में बताया कि प्रदेश की सुधार दर 76.1 फीसद हो गई है, जो देश में तुलनात्मक रूप से 16 फीसद है। प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या 10,928 है। वहीं पॉजिटिविटी दर 4.47 फीसद है और प्रति दस लाख पर 13,788 लोगों की जांच हो रही है।
निजी अस्पताल न लें ज्यादा पैसा
इंदौर की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि कोरोना के इलाज के लिए कई लोग निजी अस्पतालों में जा रहे हैं। उनसे अस्पताल ज्यादा राशि न वसूल पाएं। इसकी निगरानी करें। प्रदेश में सर्वाधिक 227 नए मामले इंदौर में आए हैं। भोपाल में 140, ग्वालियर में 121, जबलपुर में 117 नए मामले मिले। शहडोल में सात दिनों की पॉजिटिविटी दर 6.02 फीसद और अनूपपुर में 7.30 फीसद है। जिन जिलों में ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। उन पर विशेषष ध्यान देने को कहा है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान ने बताया कि कोरोना से मृत्यु की दर लगातार कम हो रही है। 18 से 21 अगस्त के बीच मृत्यु दर 0.6 फीसद रही है। वहीं प्रदेश की औसत मृत्यु दर 2.34 फीसद है।