मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री भी हुए कोरोना संक्रमित, लोगों से की अब ये खास अपील
पिछले दिनों ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कोरोना संक्रमित हो गए थे। अब तक उनकी सरकार में कई मंत्री कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।
भोपाल, एएनआइ। मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी भी कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। इसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्विटर के माध्यम से दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मेरी कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरा सभी से निवेदन है जो भी मेरे संपर्क में आए हैं। वह कोरोना टेस्ट करवा लें। मेरे निकट संपर्क वाले लोग क्वारनटीन में चले जाएं। आप सभी की प्रार्थना एवं आशीर्वाद से जल्द आप सभी के बीच उपस्थित होकर फिर जन सेवा के कार्यों में लगेंगे।
पिछले दिनों ही मध्य प्रदेश सरकार के एक और मंत्री गोपाल भार्गव भी संक्रमित हो गए थे। वो अभी अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है।
मध्य प्रदेश के अधिकतर मंत्री हुए कोरोना संक्रमित
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कोरोना संक्रमित हो गए थे। वहीं, उनकी सरकार में कई मंत्री कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। जिसमें मंत्री अरविंद भदौरिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, महामंत्री संगठन सुहास भगत समेत अन्य कई नेता कोरोना संक्रिमत हो चुके हैं। वहीं, अब सभी उपचार के बाद स्वस्थ हैं और अपनी राजनीतिक गतिविधियों में लग गए हैं।
देश में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। देश के गृह मंत्री अमित शाह तक कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, रोजाना कोरोना के नए मामलों की संख्या 70 हजार के करीब है।
इस बीच, प्रदेश में रविवार को 1,263 नए कोरोना मरीज मिले। अब कुल संक्रमित 53 हजार से ज्यादा हो गए हैं। वहीं 23 और मौतों के साथ कुल मृतक संख्या 1,229 हो गई। हालांकि 991 मरीज स्वस्थ होने से डिस्चार्ज किए गए, इसलिए कुल सक्रिय मरीजों की संख्या रविवार को 249 बढ़कर 11,510 रही।
देश में कोरोना के एक्टिव मामले सात लाख से ज्यादा
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक कोरोना के 30 लाख 44 हजार 941 मामले सामने आ गए हैं। एक्टिव केस सात लाख सात हजार 668 हो गए हैं। 22 लाख 80 हजार 706 मरीज ठीक हो गए हैं और 56 हजार 706 लोगों की मौत हो गई है। देश में तीन करोड़ 52 लाख 92 हजार 220 सैंपल टेस्ट हो गए हैं। रिकवरी रेट 74.90 फीसद और डेथ रेट 1.86 फीसद है।