'रिजिजू ज्यादा टोकते हैं लेकिन...' विपक्ष के आरोप से शाह सहमत, फिर ऐसे दिया गोगोई को जवाब
लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर तीखी बहस हुई। विपक्ष ने बिरला पर पक्षपात का आरोप लगाया, खासकर राहुल गांधी को बोलने से रोकने का।

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रिजिजू

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चल रही बहस में तीखी नोकझोंक देखने को मिली। विपक्ष के 118 सांसदों द्वारा साइन किए हुए प्रस्ताव में ओम बिरला पर पक्षपातपूर्ण व्यवहार का आरोप लगाया गया है।
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने संसद में कहा कि फरवरी में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को 20 बार रोका गया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्पीकर ने विपक्ष को बोलने नहीं दिया और पूर्व से तय योजना के तहत बाधा डाली गई।

लोकसभा में तीखी बहस
गोगोई ने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पर तंज कसा। उन्होंने कहा, 'भविष्य में जब संसदीय रिकॉर्ड और ट्रांसक्रिप्ट की रिसर्च होगी, तो आंकड़े बताएंगे कि किरेन रिजिजू संसदीय कार्य मंत्री के रूप में विपक्ष को सबसे ज्यादा टोकने वाले रहे।'
इस बयान के जवाब में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा, 'मैं सहमत हूं कि किरेन रिजिजू ने संसदीय कार्य मंत्री के तौर पर सबसे ज्यादा बाधा डाली है, लेकिन हमने इतना गैर-जिम्मेदार विपक्ष भी कभी नहीं देखा।' शाह ने विपक्ष पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सरकार का बचाव किया।

गोगोई का रिजिजू पर हमला
रिजिजू ने भी बहस में हिस्सा लिया और कहा कि सदन के नियमों और संविधान के अनुसार स्पीकर की अनुमति के बिना कोई नहीं बोल सकता। उन्होंने एक विपक्षी सांसद के बयान का जिक्र किया, जिसमें कहा गया था कि 'सदन में बोलने के लिए किसी की इजाजत नहीं चाहिए।' रिजिजू ने इसे सदन की गरिमा के खिलाफ बताया।

यह अविश्वास प्रस्ताव स्पीकर बिरला पर महिलाओं सांसदों के बारे में कथित टिप्पणी और राहुल गांधी को महत्वपूर्ण मुद्दों पर बोलने न देने के आरोपों पर आधारित है। हालांकि विपक्ष के पास बहुमत नहीं है, यह प्रस्ताव विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक बयानबाजी के रूप में देखा जा रहा है। बहस दो दिनों तक चलने की संभावना है, जिसमें अमित शाह बुधवार को जवाब दे सकते हैं।
