Move to Jagran APP

Bharat Bandh: शांतिपूर्ण रहा भारत बंद, किसानों ने रामलीला मैदान पर विरोध प्रदर्शन की मांगी अनुमति

Bharat Bandh News Update नए कृषि कानून के विरोध में आज देशभर में भारत बंद किया गया। इस दौरान किसानों ने सड़क में उतर कर विरोध किया। वहीं अब किसानों ने दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी है।

By TaniskEdited By: Published: Tue, 08 Dec 2020 07:37 AM (IST)Updated: Tue, 08 Dec 2020 08:13 PM (IST)
Bharat Bandh: शांतिपूर्ण रहा भारत बंद, किसानों ने रामलीला मैदान पर विरोध प्रदर्शन की मांगी अनुमति
भारत बंद के दौरान प्रदर्शन कjते किसान

नई दिल्ली, एजेंसियां। नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमा पर पिछले 12 दिनों से प्रदर्शन कर रहे किसानों ने 'भारत बंद' का आह्वान किया है। आज का भारत बंद शांतिपूर्ण रहा। पंजाब किसान यूनियन से जुड़े आरएस मनसा ने दिल्ली के रामलीला मैदान में विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी है। सीपीआइ नेता सीताराम येचुरी ने बताया कि कृषि विरोधी कानूनों को लेकर विपक्षी दलों का एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल कल शाम 5 बजे राष्ट्रपति कोविंद से मिलेगा। इस दौरान राहुल गांधी, शरद पवार समेत पांच नेता मौजूद रहेंगे। वहीं, इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज प्रदर्शनकारी किसानों को मिलने के लिए बुलाया है। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने इसकी जानकारी दी है। शाह ने शाम सात बजे मिलने के लिए बुलाया है। देश के अधिकतर राज्यों में बंद का मिला जुला असर देखने को मिला है। कहीं से भी बड़े उपद्रव की जानकारी सामने नहीं आई है। कुछ राज्यों को छोड़कर देश भर में सुबह के पीक-आवर ट्रैफिक मूवमेंट सामान्य रहा। प्रदर्शनकारियों ने पश्चिम बंगाल, बिहार और ओडिशा में कई स्थानों पर रेलवे ट्रैक अवरुद्ध कर दिए। जयपुर में सत्तारूढ़ कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।  दिल्ली और अन्य कई राज्यों में सब्जी मंडियों में आंशिक ' प्रभाव देखने को मिला।

loksabha election banner

कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल इस बंद का समर्थन कर रहे हैं। बता दें कि किसानों और केंद्र सरकार के बीच इसे लेकर कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अभी तक कोई नतीजा नहीं निकल सका है। किसान यूनियनों ने कहा है कि वे सरकार द्वारा प्रस्तावित किए जा रहे कृषि कानूनों में संशोधन से संतुष्ट नहीं हैं। दोनों के बीच कल (बुधवार) को फिर बातचीत होनी है। 

Bharat Bandh Updates

- सिंघू बॉर्डर पर चले रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान पंजाब किसान यूनियन के नेता आरएस मनसा ने कहा कि हम दिल्ली या हरियाणा से किसी को भी असुविधा नहीं पहुंचाना चाहते हैं। हमें रामलीला मैदान पर विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति दी जानी चाहिए।

- दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को घर में नजरबंद किया गया है।

-राजस्थान में कृषि कानूनों को लेकर विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जयपुर में भाजपा कार्यालय के बाहर झड़प हुई है। इस दौरान दोनों ही पार्टी के कार्यकर्ता एक दूसरे को मारते और धक्का मुक्की करते हुए देखे गए।

सीपीआइ नेता सीताराम येचुरी ने बताया कि कृषि विरोधी कानूनों को लेकर विपक्षी दलों का एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल कल शाम 5 बजे राष्ट्रपति कोविंद से मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल में राहुल गांधी, शरद पवार और अन्य शामिल होंगे। COVID19 प्रोटोकॉल के कारण, केवल 5 लोगों को उनसे मिलने की अनुमति दी गई है।

- दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने विरोध कर रहे किसानों के लिए स्टेडियमों को अस्थायी जेलों में बदलने की अनुमति से इनकार कर दिया है। अब जनता को उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है। क्या इसका मतलब यह है कि वह नजरबंद है? ये सभी सुरक्षाकर्मी यहां क्यों तैनात हैं।

- भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा है कि हमारी आज शाम 7 बजे गृह मंत्री के साथ बैठक है। हम अभी सिंघू बॉर्डर जा रहे हैं और वहां से गृह मंत्री के पास जाएंगे। 

- कोई भी बेंगलुरु और राज्य के अन्य हिस्सों में बंद का समर्थन नहीं कर रहा है। राज्य और केंद्र सरकार किसान समर्थक है। पीएम किसानों के खिलाफ कोई फैसला नहीं लेंगे। राजनीतिक कारणों से भारत बंद का आह्वान करना सही नहीं है। कानून तोड़ने पर पुलिस उचित कार्रवाई करेगी। कर्नाटक के सीएम बीएस येदियुरप्पा ने यह बात कही है। 

- दिल्ली: अखिल भारतीय वकील संघ ने भारत बंद के समर्थन में तीस हजारी जिला न्यायालय में विरोध प्रदर्शन किया। तीस हजारी बार एसोशिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि विरोध पर सरकार की प्रतिक्रिया चिंता का विषय है। किसानों के साथ ववकीलों की बिरादरी खड़ी है। ये कानून न तो किसानों के पक्ष में है और न ही वकीलों के।  

-  हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर से मिलने के लिए पहुंचे हैं।

- आम आदमी पार्टी ने एक बार कहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हाउस अरेस्ट किया गया है। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार  दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कल जब अरविंद केजरीवाल किसानों से मिलने सिंघु बॉर्डर गए थे, उसके बाद से भाजपा बुरी तरह घबरा गई है। भाजपा नेताओं ने उसके बाद से अरविंद केजरीवाल को हाउस अरेस्ट कर रखा है। भाजपा को डर है कि कहीं अरविंद केजरीवाल किसानों के समर्थन में सड़क पर न निकल आएं। सिसोदिया ने पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह को कुछ नहीं कहते क्योंकि वो उनके साथ मिलकर किसानों को देश विरोधी बता रहे हैं।

- दिल्ली: किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

- केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हर चीज पर लोगों को गुमराह करना, देश की छवि को बदनाम करने की साजिश करना विपक्षी दलों का पुराना तरीका रहा है। अपने शासन काल में कांग्रेस, एनसीपी, अकाली दल, लेफ्ट पार्टियां इस तरह के बिल का सीना ठोक कर समर्थन करती रही हैं।

- किसानों ने लागत के लिए अतिरिक्त मूल्य की मांग की थी और हम उन्हें लागत से 50% ऊपर दे रहे हैं। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में कभी कोई पेशकश नहीं की। यह देने वाले पीएम मोदी हैं। विपक्ष जो इन कानूनों को वापस लेने के लिए कह रहा है वह पाखंडी है क्योंकि उन्होंने सत्ता में रहते हुए कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग एक्ट पारित किया था। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में इन कानूनों को लाने की बात कही थी।

- राजस्थान: राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने जयपुर में ट्रैक्टर चलाकर भारत बंद का समर्थन किया। परिवहन मंत्री ने कहा, 'केंद्र को समझना चाहिए कि उनका ज़ुल्म, तानाशाही ज़्यादा नहीं चलेगी। किसान विरोधी कानून वापस लेने पड़ेंगे, तमाम विपक्षी पार्टियां इनके विरोध में हैं।

- केंद्र द्वारा लाए गए कृषि कानून देश के किसानों को खत्म कर देंगे। उत्तर भारत में किसानों ने बड़े पैमाने पर आंदोलन शुरू कर दिया है और आज भारत बंद की घोषणा की है। मुंबई डब्बावाला एसोसिएशन बंद का समर्थन करता है। मुंबई डब्बावाला एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष तालेकर ने यह बात कही है। 

- यह आप और किसी भी अन्य पार्टी के बीच टकराव से बचने के लिए एक सामान्य तैनाती है। सीएम को नजरबंद नहीं किया गया। डीसीपी नॉर्थ एंटो अल्फोंस ने यह बात कही है। उन्होंने कहा कि उन्हें नजरबंद करने की बात बिल्कुल गलत है। दिल्ली के सीएम होने के नाते वह जहां चाहे घूम सकते हैं। 

- आम आदमी पार्टी (आप) ने ट्वीट करके दावा किया है  कि सोमवार को सीएम अरविंद केजरीवाल के सिंघु बॉर्डर पर जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया है। 

- शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि यह कोई राजनीतिक बंद नहीं है। यह हमारी भावना है। दिल्ली में आंदोलन कर रहे किसान संगठनों ने कोई राजनीतिक झंडा नहीं उठाया है। यह हमारा कर्तव्य है कि हम किसानों के साथ एकता में खड़े हों और उनकी भावनाओं से जुड़े रहें। यहां कोई राजनीति नहीं है और न ही होनी चाहिए। अगर सरकार के पास दिल है तो प्रधानमंत्री या गृह मंत्री खुद जाकर उनसे(किसानों) बात करेंगे और उनको समझाएंगे।

- बिहार: किसान संघों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के दौरान राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं ने दरभंगा के गंज चौक पर टायर जलाया।

- सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे मंगलवार को आंदोलनरत किसानों को समर्थन देने के लिए एक दिवसीय भूख हड़ताल पर बैठे। उन्होंने कहा कि आंदोलन पूरे देश में फैलना चाहिए ताकि सरकार किसानों के हितों के लिए काम करे। एक रिकॉर्ड किए गए संदेश में उन्होंने दिल्ली की सीमाओं पर किसानों के विरोध की सराहना करते हुए कहा कि आंदोलन के पिछले 10 दिनों में कोई हिंसा नहीं हुई है।

- कर्नाटक: किसान संघों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में कांग्रेस नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। केंद्र के खिलाफ नारे लगाए और काले झंडे दिखाए। इस दौरान पार्टी के नेता सिद्धारमैया, बीके हरिप्रसाद, रामलिंग रेड्डी और अन्य उपस्थित रहे।

- दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इसके अनुसार हरियाणा जाने के लिए दौराला, कपासेरा, राजोखरी एनएच 8, बिजवासन / बजघेरा, पालम विहार और डूंडाहेड़ा सीमाएं खुली हुई हैं। टिकारी, झारोदा बॉर्डर और धनसा बंद हैं। बदोसराय सीमा कारों और दोपहिया वाहनों के लिए खुली है। झटीकरा सीमा केवल दोपहिया यातायात के लिए खुली है।

- पश्चिम बंगाल: कोलकाता में भारत बंद के समर्थन में विरोध प्रदर्शन कर रही लेफ्ट पार्टियों ने जादवपुर में रेल रोकी।

- कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसानों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सिंघु बॉर्डर पर सुरक्षा बल तैनात है। किसान यूनियनों ने आज कृषि कानूनों के खिलाफ भारत बंद का आह्वान किया है। 

- भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि हमारा विरोध पूरी तरह से शांतिपूर्ण होगा। अगर हमारे द्वारा बुलाए गए भारत बंद में कोई 2-3 घंटे के लिए फंस जाता है, तो हम उन्हें पानी और फल देंगे। हमारी एक अलग अवधारणा है।

-  समाचार एजेंसी आइएएनएस के अनुसार उत्तर प्रदेश में 'भारत बंद' के आह्वान को देखते हुए हाई अलर्ट है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं कि आम लोगों को 'भारत बंद' के कारण कोई असुविधा न हो। उन्होंने पुलिस को किसानों के साथ किसी भी टकराव से बचने की सलाह दी है । दिल्ली और अन्य राज्यों से सटे सभी जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और अतिरिक्त बलों को वहां तैनात किया गया है।

- आंध्र प्रदेश: वामपंथी राजनीतिक दलों ने आज के भारत बंद के समर्थन में विजयवाड़ा में विरोध प्रदर्शन किया।

- ओडिशा: वाम राजनीतिक दल, ट्रेड यूनियन और किसान यूनियनों ने भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोक दिया।

- महाराष्ट्र: स्वाभिमानी शेतकारी संगठन ने बुलढाणा के मलकापुर में आज एक ट्रेन को रोक दिया। बाद में पुलिस ने पटरियों से उन्हें हटाया और हिरासत में ले लिया।

गृह मंत्रालय की एडवाइजरी

बंद और विरोध प्रदर्शन के आह्वान के मद्देनजर, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासनों को अपनी एडवाजरी में यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि कोरोना के मद्देनजर स्वास्थ्य और शारीरिक दूरी को लेकर जारी किए गए दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को निर्देश दिया गया कि है 'भारत बंद' और एहतियाती कदम के दौरान शांति बनाए रखी जाए ताकि देश में कहीं भी कोई अप्रिय घटना न हो।

विपक्षी दलों पर भाजपा ने साधा निशाना 

विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए भाजपा ने कहा कि उनपर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि देशभर के विभिन्न चुनावों में लोगों द्वारा बार-बार खारिज किए जाने के बाद विपक्षी दल अपने अस्तित्व को बचाने के लिए आंदोलन में शामिल हुए हैं। प्रसाद ने कहा कि किसानों का एक वर्ग निहित स्वार्थों के साथ कुछ लोगों के बहकावे में आ गया है और कहा कि सरकार सुधारों के बारे में उनकी गलतफहमियों को दूर करने के लिए काम कर रही है।

दोपहर 3 बजे तक 'चक्का जाम' 

क्रांति किसान यूनियन के पंजाब इकाई के अध्यक्ष दर्शन पाल ने सोमवार को कहा कि मंगलवार को दोपहर 3 बजे तक ही 'चक्का जाम' रहेगा। राजनीतिक पार्टियों को भी इसमें शामिल होने की अनुमति दी जाएगी। हरियाणा पुलिस और दिल्ली पुलिस ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। इसमें बताया गया है कि लोगों को विभिन्न सड़कों और राजमार्गों पर यातायात अवरोधों का सामना करना पड़ सकता है।

हरियाणा पुलिस की एडवाइजरी

हरियाणा पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी में कहा गया कि आंदोलनकारी किसान हरियाणा के भीतर विभिन्न सड़कों और राजमार्गों पर धरने पर बैठ सकते हैं और उन्हें कुछ समय के लिए अवरुद्ध सकते हैं। जाम का सबसे ज्यादा असर दोपहर 12 से 3 बजे के बीच दिखने की उम्मीद है। इसके चलते मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग दिल्ली-अंबाला (NH-44), दिल्ली-हिसार (NH-9), दिल्ली-पलवल (NH-19) और दिल्ली से रेवाड़ी (NH-48) हाईवे कुछ समय के लिए प्रभावित हो सकता है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.