FSSAI का कड़ा एक्शन: शिवम एग्रो और टीसीएफ चाकलेट्स के लाइसेंस सस्पेंड, नियमों की अनदेखी पड़ी भारी
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने शिवम एग्रो और टीसीएफ चाकलेट्स एंड गिफ्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के लाइसेंस गुरुवार को निलंबित कर दिए।

खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के कारण दो कंपनियों के लाइसेंस निलंबित
HighLights
एफएसएसएआइ ने शिवम एग्रो और टीसीएफ चाकलेट्स एंड गिफ्ट्स प्राइवेट लिमिटेड पर की कार्रवाई
जांच में खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने के बाद दोनों कंपनियों को दिया कारोबार बंद रखने का निर्देश
पीटीआई, नई दिल्ली। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने शिवम एग्रो और टीसीएफ चाकलेट्स एंड गिफ्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के लाइसेंस गुरुवार को निलंबित कर दिए।
एफएसएसएआई ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट में बताया कि निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन पाए जाने के बाद इन दो कंपनियों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। दोनों कंपनियों को लाइसेंस निलंबित रहने तक खाद्य कारोबार बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
एफएसएसएआई के मुताबिक, आनलाइन प्लेटफार्म से खरीदे गए खाद्य पदार्थ को लेकर एक उपभोक्ता ने टीसीएफ चाकलेट्स के खिलाफ शिकायत की थी।
इसके बाद हुई जांच के दौरान कंपनी के परिसर में सफाई की खराब व्यवस्था, कचरे का सही तरीके से निपटान न होने सहित कई खामियां दिखीं।
जांच के दौरान कीड़ों का प्रकोप, बिल्ली का मल और खुली नालियां भी मिलीं। कुछ एक्सपायर हो चुके फूड कलर और फ्लेवर मिले। कंपनी जरूरी खाद्य सुरक्षा रिकार्ड भी उपलब्ध नहीं करा सकी। कई उत्पादों की लेबलिंग में भी कमियां मिलीं।
वहीं, शिवम एग्रो में मक्खियां, कचरा, जमा हुआ गंदा पानी और मकड़ियों का प्रकोप दिखा। फर्श, दीवारों, छत और मशीनों की सफाई भी ठीक नहीं थी। खाद्य सामग्री के भंडारण में भी खामियां मिलीं। कंपनी की प्रयोगशाला काम नहीं कर रही थी और कुछ उत्पादों की लेबलिंग में भी गड़बड़ी पाई गई।
