'कानून-व्यवस्था मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं', दिल्ली में पाबंदियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों पर बोले CJI सूर्यकांत
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने दिल्ली में हुए हालिया विरोध प्रदर्शनों को कानून-व्यवस्था का मुद्दा बताया और कहा कि यह उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है।

कानून-व्यवस्था मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं। (एएनआई)
HighLights
CJI सूर्यकांत ने दिल्ली विरोध प्रदर्शनों पर टिप्पणी की।
इसे कानून-व्यवस्था का मुद्दा बताया, अधिकार क्षेत्र से बाहर।
विपक्षी नेताओं को सुप्रीम कोर्ट आने की सलाह दी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि दिल्ली में हालिया विरोध प्रदर्शनों से पैदा हुई स्थिति उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है। जब पत्रकारों ने दिल्ली के हालिया विरोध प्रदर्शनों और लगाई गई पाबंदियों के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि यह कानून-व्यवस्था का मु्द्दा है, यह मेरा विषय नहीं है।
वे दिल्ली में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की 33वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम के इतर पत्रकारों से बात कर रहे थे।
पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में कई विरोध प्रदर्शन हुए हैं, जिनमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग गई है। यह मांग वोटर लिस्ट के स्पेशन इंटेंसिव रिविजन में कथित अनियमितताओं और अन्य मु्द्दों को लेकर की गई है।
सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे खुले हैं- CJI
INDI गठबंधन के विरोध मार्च और उनसे मिलने की मांग पर मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। हालांकि, उन्होंने चुनावी अनियमितताओं के आरोपों को लेकर विपक्षी नेताओं से मिलने में असमर्थता जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें याचिका दायर करने अदालत का रुख करना चाहिए क्योंकि यह मामला पहले से ही अदालत में विचाराधीन है।
उन्होंने कहा कि मुझे कल बैठक के अनुरोध के संबंध में एक पत्र मिला था और मैंने कल रात ही उसका जवाब दे दिया था, जिसमें उन कारणों का उल्लेख किया गया था जिनकी वजह से मैं उनसे नहीं मिल पाऊंगा। सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। किसी भी आम नागरिक या चुने हुए प्रतिनिधि की याचिका का स्वागत है।
सीजेआई सू्र्यकांत ने कहा कि हर भारतीय नागरिक को कोर्ट जाने का अधिकार है और हम उनकी बात सुनेंगे और कानून के तहत जो भी उचित होगा, वह करेंगे।
यह भी पढ़ें- 'सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं...', CJI ने विपक्षी सांसदों से ना मिलने की बताई वजह
