गोवा में भूस्खलन के बाद बाधित हुई रेल सेवा, हाइवे भी हुआ जाम
गोवा और कर्नाटक के बीच रेल और सड़क यातायात बुधवार को गोवा-कर्नाटक सीमा पर भूस्खलन के कारण बाधित हो गया।
पणजी, आइएएनएस। गोवा और कर्नाटक के बीच रेल और सड़क यातायात बुधवार को गोवा-कर्नाटक सीमा पर भूस्खलन के कारण बाधित हो गया। इस क्षेत्र में भारी बारिश के बाद भूस्खलन हो गया। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि गोवा को कर्नाटक के बेलगावी जिले से जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग 48 भूस्खलन के कारण बाधित हो गया है। बता दें कि चोराला घाट रोड पर भूस्खलन हुआ है।
बयान में आगे कहा गया है कि सड़क को साफ करने में छह घंटे का समय लगेगा। सीएमओ ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि जनता को सलाह दी जाती है कि सड़क के माध्यम से यात्रा न करें। राहतकर्मियों के मलबे को हटाने के बाद राजमार्ग पर यातायात बुधवार रात तक फिर से शुरू होने की उम्मीद है।
इसके अलावा, दिल्ली से गोवा के लिए हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस (12780) भी भूस्खलन के कारण रुकी हुई थी। दक्षिण पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि ट्रेन कर्नाटक के कैसल रॉक रेलवे स्टेशन पर डायवर्ट किया गया था। प्रवक्ता ने कहा कि बुधवार सुबह भूस्खलन हुआ, जिसके कारण ट्रेन रुकी। फिलहाल, ट्रेन से फंसे यात्रियों को गोवा के लिए रवाना किया जा रहा है।
बता दें कि हा ही में गोवा और मुंबई जाने वाला रास्ता प्रभावित हुआ था। महाराष्ट्र के रायगढ़ में पोलादपुर के पास धम्मदेवी गांव में भूस्खलन हुआ था। जिसके बाद मुंबई-गोवा राजमार्ग को बंद कर दिया गया था। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी मुंबई में लगातार हो रही बारिश के कारण मुंबई-गोवा राजमार्ग पर पोलादपुर के पास रायगढ़ में भूस्खलन हो गया था। बता दें कि लगातार हो रही बारिश के चलते कई जगहों पर भूस्खलन की घयनाएं सामने आ रही है। वहीं भारी बारिश के कारण कई राज्यों में तो बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।