कूनो में चीते के शावक की मौत पर केंद्र सख्त, जांच के लिए भेजी उच्चस्तरीय टीम
कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छर्रों से घायल चीते के शावक की मौत के बाद केंद्र सरकार ने जांच के लिए ...और पढ़ें
-1793203580874_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
कूनो में चीते के शावक की छर्रों से मौत।
केंद्र ने भेजी उच्चस्तरीय जांच टीम।
मध्य प्रदेश सरकार ने बनाया विशेष कार्यबल।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छर्रों से लगी चोट के कारण चीते के शावक की मौत की जांच के लिए केंद्र सरकार ने उच्चस्तरीय टीम भेजी है।
केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि जांच दल में वन महानिरीक्षक (राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण), वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो के अतिरिक्त निदेशक और क्षेत्रीय उपनिदेशक शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि शिकारियों ने मादा चीता निर्वा के 19 माह के शावक को गोली मारकर घायल कर दिया था। मंगलवार को उसकी मौत हो गई थी। उसके शरीर में पांच छर्रे मिले थे। चीता पुनर्वास परियोजना शुरू होने के बाद चार वर्षों में इस तरह की यह पहली घटना है।
21 सितंबर से अब तक तीन चीतों को मिलाकर एक वर्ष के भीतर 14 चीतों की मौत हुई है। जांच दल को शावक की मौत की परिस्थितियों की गहन पड़ताल करने, उपलब्ध सभी साक्ष्यों की जांच करने और मध्य प्रदेश वन विभाग के साथ निकट समन्वय कर सख्त एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। राज्य सरकार ने घटना की जांच के लिए विशेष कार्यबल का गठन पहले ही कर दिया है।
