कोटा में तिरंगा बने डिब्बे में बिक रहे थे जूते, मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में राष्ट्रध्वज अपमान निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया।
जयपुर, जेएनएन। राजस्थान के कोटा में एक मॉल में तिरंगा बने डिब्बे में जूते बेचे जा रहे थे। इसे लेकर रविवार शाम यहां जमकर हंगामा हुआ। सोमवार को पुलिस ने इस मामले में राष्ट्रध्वज अपमान निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
कोटा के सिटी मॉल की शॉप नं. बी-24 में बेचने के लिए लाए गए जूतों के डिब्बे राष्ट्रीय ध्वज के रंग में थे और इन पर अशोक चिह्न भी बना हुआ था। यह पूरा डिब्बा ही तिरंगे का बना हुआ था और कई डिब्बे इसी तरह के थे। यहां खरीदारी करने आए लोगों ने आसपास के लोगों तक इस बात को पहुंचा दिया। सूचना वायरल हुई तो कांग्रेस नेता यहां पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। शोरूम मालिक महेश को मौके पर बुलाया और इन डिब्बों को लेकर आपत्ति दर्ज करवाई। साथ ही इस घटना को देशद्रोह की श्रेणी का बताया।
शोरूम मालिक महेश का कहना था कि उसने यह माल दिल्ली से मंगवाया था। हमारा इन डिब्बों पर ध्यान नहीं गया। आगे से ऐसा नहीं होगा। हम सभी डिब्बों को यहां से हटवा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में राष्ट्रध्वज अपमान निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। यहां के स्थानीय कांग्रेस नेता क्रांति तिवारी ने विज्ञान नगर थाने में इस संबंध में मामला दर्ज करवाया।
थानाधिकारी जयप्रकाश बेनीवाल ने बताया कि सिटी मॉल के शोरूम मालिक महेश से इस मामले में पूछताछ की जाएगी और दिल्ली जाकर चाइनीज जूते तिरंगे जैसे रंग-रूप के डिब्बे में सप्लाई करने वाले के खिलाफ कार्रवाई होगी।
इसे भी पढ़ें: एबीवीपी ने देश में एकता लाने का काम किया है- सीएम योगी