नागालैंड: Guinness World Record में नाम दर्ज कराने के लिए 5 हजार कोन्याक महिलाओं ने किया नृत्य
मोन जिले के स्थानीय मैदान में किए गए इस प्रदर्शन का मकसद गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराना था
नागालैंड, एएनआइ। नागालैंड के कोन्याक समुदाय की लगभग 5000 महिलाओं ने एक साथ कोन्याक नृत्य का प्रदर्शन किया। पारंपरिक कोन्याक नृत्य का यह अब-तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन था। मोन जिले के स्थानीय मैदान में किए गए इस प्रदर्शन का मकसद गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराना था। इस दौरान हजारों कोन्याक समुदाय की महिलाओं ने पारंपरिक वेश-भूषा में नृत्य पेश किया।
वहीं, पूर्वी नगा महिला संगठन की अध्यक्ष ए. चांग ने कहा कि ये स्वदेशी समुदाय की महिलाएँ हैं, जिनका पारिवारिक और सांस्कृतिक मूल्यों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों की निरंतरता के लिए महिलाओं की रचनात्मकता को आवश्यक बताया।
इसका आयोजन राज्य में चल रहे वसंत ऋतु के स्वागत के लिए आयोजित आओलियांग उत्सव के अंतिम दिन किया गया था। बता दें कि कोन्याक समुदाय का उत्सव एक अप्रैल से पांच अप्रैल के बीच किया जाता है। इसके तहत कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। आयोजकों के मुताबिक रिकॉर्ड में शामिल होने की घोषणा कुछ दिनों में हो सकती है।