विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नागपुर दरगाह में कोलकाता की महिला पर डाला गया मतांतरण का दबाव, छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Published: Sun, 07 Jun 2026 05:30 AM (IST)Updated: Sun, 07 Jun 2026 06:55 AM (IST)

मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआइटी) का गठन किया गया है। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर फोरेंसिक जांच ...और पढ़ें

नागपुर दरगाह में कोलकाता की महिला पर डाला गया मतांतरण का दबाव (सांकेतिक तस्वीर)

नागपुर दरगाह में कोलकाता की महिला पर डाला गया मतांतरण का दबाव (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. हुजूर मरियम अम्मा दरगाह के मुख्य केयरटेकर सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज 

  2. एसआइटी का गठन, इलेक्ट्रानिक उपकरण जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए

एएनआई, नागपुर। नागपुर दरगाह में कोलकाता की महिला पर मतांतरण का दबाव डालने का मामला सामने आया है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि पुलिस ने महिला का जबरन मतांतरण कराने के प्रयास, बंधक बनाने और छेड़छाड़ करने के आरोप में हुजूर मरियम अम्मा दरगाह के मुख्य केयरटेकर सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआइटी) का गठन किया गया है। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं।

शिकायतकर्ता कोलकाता के दमदम की निवासी है

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता कोलकाता के दमदम की निवासी है। वह वार्षिक उर्स समारोह में शामिल होने 18 अप्रैल को दरगाह पहुंची थी।

शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि 18 और 19 अप्रैल के बीच उसे बंधक बनाकर रखा गया और मतांतरण के लिए दबाव डाला गया। मतांतरण के प्रयास का विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई और उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया गया।

महिला किसी तरह बच निकलने में कामयाब रही

महिला किसी तरह बच निकलने में कामयाब रही और कोलकाता लौट आई। उसने दमदम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने से पहले अपना इलाज कराया। जीरो एफआइआर दर्ज किए जाने के बाद मामले को नागपुर ग्रामीण के कन्हान पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर कर दिया गया, जहां कथित घटना घटी थी।

जीरो एफआइआर कानूनी प्रक्रिया है, जिसके तहत किसी भी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है, भले ही अपराध उस पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में न हुआ हो।

नागपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हर्ष पोहरे ने बताया कि पुलिस ने जीरो एफआईआर मिलने पर मामला दर्ज किया और पीड़िता का बयान दर्ज करने के लिए एक टीम को कोलकाता भेजा।

दो महिलाओं समेत छह आरोपितों को नामजद किया गया 

शिकायत के आधार पर कन्हान पुलिस ने मारपीट, धमकी, छेड़छाड़, हत्या के प्रयास और मतांतरण से संबंधित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। दो महिलाओं समेत छह आरोपितों को नामजद किया गया है।

आरोपितों की पहचान ताजी जनवीरुद्दीन, ताजी मुस्तफाफिरुद्दीन फैज, तेजस खोबरागड़े, बशरा फातिमा ताजी, मल्ला धुले और एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है।