विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: विकास भवन के बाहर आईसीटी शिक्षकों का धरना जारी, 60 वर्ष तक नौकरी की मांग रहे गारंटी

Published: Tue, 29 Sep 2026 07:36 PM (IST)

आईसीटी संविदा कंप्यूटर शिक्षकों का विकास भवन के सामने धरना मंगलवार को भी जारी रहा, जिसमें वे नौकरी की अनिश्चितता ...और पढ़ें

HighLights

  1. आईसीटी संविदा शिक्षकों का विकास भवन के सामने धरना लगातार जारी है।

  2. वे एजेंसियों की व्यवस्था खत्म कर सरकारी संविदा दर्जा चाहते हैं।

  3. शिक्षकों की मांग है कि 60 वर्ष तक नौकरी सुनिश्चित की जाए।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। नौकरी की अनिश्चितता के विरोध में आइसीटी संविदा कंप्यूटर शिक्षकों का विकास भवन के सामने सोमवार से शुरू हुआ धरना मंगलवार को भी जारी रहा। शिक्षक रातभर धरने पर बैठे रहे। उनका कहना है कि मांगों को लेकर सरकारी अधिसूचना जारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

आइसीटी ऐक्य मंच के छठे और सातवें फेज के 3,719 शिक्षक-शिक्षिकाएं एजेंसियों के माध्यम से काम कर रहे हैं। उनकी मौजूदा संविदा 30 सितंबर को खत्म हो रही है। वर्तमान एजेंसी ने संविदा का नवीनीकरण नहीं करने की जानकारी देते हुए शिक्षकों को टर्मिनेशन लेटर भी भेजे हैं। नई एजेंसी के लिए टेंडर होने के बाद मौजूदा शिक्षकों की नौकरी जारी रहेगी या नहीं, इसे लेकर असमंजस है।

सीधे सरकारी संविदा की मांग

शिक्षकों की मांग है कि एजेंसी व्यवस्था खत्म कर उन्हें सीधे सरकारी संविदा कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। उनका कहना है कि पांचवें फेज तक के शिक्षक सरकारी संविदा कर्मचारी के रूप में काम कर रहे हैं, जबकि छठे और सातवें फेज के शिक्षक करीब पांच वर्षों से एजेंसियों के अधीन हैं। इसके साथ ही उन्होंने 60 वर्ष की आयु तक नौकरी सुनिश्चित करने की मांग की है।