कोच्चि पुलिस आयुक्त का तबादला, जज के नाबालिग बेटे से जुड़ी सड़क दुर्घटना के बीच फैसला
कोच्चि पुलिस आयुक्त कालिराज महेश कुमार का तबादला कर आर. निशांतिनी को नियुक्त किया गया है। यह फैसला अतिरिक्त जिला ...और पढ़ें

कोच्चि पुलिस आयुक्त कालिराज महेश कुमार का तबादला
HighLights
कोच्चि पुलिस आयुक्त कालिराज महेश कुमार का तबादला, निशांतिनी बनीं नई आयुक्त।
जज के नाबालिग बेटे से जुड़ी सड़क दुर्घटना जांच में विवाद के कारण।
जांच में लापरवाही के आरोप में चार पुलिसकर्मी निलंबित किए गए।
डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम। केरलम सरकार ने कोच्चि शहर के पुलिस आयुक्त कालिराज महेश कुमार का तबादला कर उनकी जगह आर. निशांतिनी को नियुक्त किया। यह फैसला अतिरिक्त जिला न्यायाधीश के 17 वर्षीय बेटे से जुड़ी सड़क दुर्घटना की पुलिस जांच को लेकर बढ़ते विवाद के बीच लिया गया है।
दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। सरकारी आदेश के अनुसार, 2008 बैच की आइपीएस अधिकारी निशांतिनी का दक्षिण क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक पद से तबादला कर तत्काल प्रभाव से कोच्चि शहर का पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।
2004 बैच के आइपीएस अधिकारी पी प्रकाश, जो राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो के पुलिस महानिरीक्षक पद पर कार्यरत थे, को दक्षिण क्षेत्र का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।
वह राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो और साइबर अपराध शाखा का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। मामले में चूक को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की प्रारंभिक जांच के बाद शहर के पुलिस प्रमुख का तबादला किया गया है।
इससे एक दिन पहले चेरानल्लूर पुलिस थाने से जुड़े चार पुलिसकर्मियों को जांच में लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया था। 55 वर्षीय जयबालकृष्णन सड़क किनारे भोजनालय चलाते थे। 25 अक्टूबर को नाबालिग ने मर्सिडीज-बेंज से पीछे से उनके स्कूटर को टक्कर मार दी थी, जिसमें उनकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि कार सौ किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चल रही थी। इस घटना के बाद मृतक के परिवार ने विरोध प्रदर्शन किया है और मामले की जांच के तरीके पर सवाल उठाए हैं। खास तौर पर नाबालिग को शुरुआत में थाने से जमानत पर छोड़ने के फैसले और साक्ष्य दबाने की कथित कोशिशों को लेकर सवाल उठे हैं।
सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार
यह भी पढ़ें- केरलम मर्सिडीज हादसा: भारी दबाव के बाद एक्शन में सरकार, जज के खिलाफ FIR दर्ज; 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड
