केरल: कोच्चि सिनागोग के पास नर्सरी में आगजनी, आतंकी साजिश के शक में युवक गिरफ्तार
केरल के कोच्चि में यहूदी प्रार्थना स्थल के पास नर्सरी में आग लगाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

कोच्चि सिनेगॉग के पास आगजनी मामले में युवक गिरफ्तार।
HighLights
कोच्चि नर्सरी आगजनी में 32 वर्षीय युवक गिरफ्तार।
पुलिस को अंतरराष्ट्रीय आतंकी कनेक्शन के संकेत मिले।
आरोपी को क्रिप्टोकरेंसी से भुगतान का भी शक।
डिजिटल डेस्क, कोच्चि। केरल के कोच्चि शहर में यहूदी प्रार्थना स्थल के पास स्थित एक नर्सरी में आग लगाने के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस ने मामले में 32 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है।
बता दें कि इस गिरफ्तारी के साथ ह इस मामले में नया मोड़ तब सामने आया, जब पुलिस की शुरुआती जांच में विदेश में बैठे अज्ञात हैंडलर्स के इशारे पर इस घटना को अंजाम दिए जाने और अंतरराष्ट्रीय आतंकी कनेक्शन के संकेत मिले हैं।
समझिए क्या है पूरा मामला
बता दें कि यह घटना बीते सोमवार तड़के करीब 2:30 बजे एरकुलम मार्केट में कडावुमभागम सिनागोग के ठीक सामने स्थित 'ब्लॉसम नर्सरी' में हुई। एनडीटीवी के हाथ लगे सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को नर्सरी में आग लगाते हुए और खुद इस घटना का मोबाइल से वीडियो बनाते हुए साफ देखा जा सकता है।
आरोपी की पहचान एर्नाकुलम जिले के रहने वाले एल्डो पॉल के रूप में हुई है। कोच्चि सिटी पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और कड़ी मशक्कत के बाद पुथनक्रूज में उसके किराए के घर से कुछ ही घंटों के भीतर उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह घर के अंदर छिपने की कोशिश कर रहा था।
विदेशी कनेक्शन का गहराया शक
पुलिस के अनुसार, जब इस मामले में आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की गई, तो कई चौकाने वाले खुलासे हुए। जांच में पता चला कि आरोपी किसी अज्ञात व्यक्ति के संपर्क में था, जिसे वह अपना 'बॉस' कहता था। शक है कि ये हैंडलर विदेश में बैठे हैं।
मामले में पुलिस का मानना है कि इस साजिश के तहत लक्ष्यों की पहचान करना, उन पर हमला करना, उसका वीडियो रिकॉर्ड कर हैंडलर को भेजना और इसके बदले भुगतान लेना शामिल था।
क्रिप्टोकरेंसी से लेनदेन का मामला
इतना ही नहीं शुरुआती जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि आरोपी को इस काम के लिए क्रिप्टोकरेंसी के जरिए पैसे दिए गए थे। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या आरोपी किसी अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क या बड़ी साजिश का हिस्सा था।
ड्रग्स और अन्य वारदातों से भी जुड़ रहे तार
गौरतलब है कि जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के फोन से ड्रग्स के कारोबार से जुड़ी संदिग्ध चैट और वीडियो भी मिले हैं। इसके अलावा, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह पहले मुवत्तुपुझा में हुई एक अन्य आगजनी की घटना में भी शामिल था। पुलिस अब दोनों घटनाओं के सबूतों का मिलान कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या ये किसी ऑपरेशन का हिस्सा था।
