किडनी रैकेट केस में पुलिस ने विदेश मंत्रालय से मांगी मदद
मुंबई पुलिस ने विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर मिस्त्र में हुए किडनी प्रत्यारोपणों के बारे में रिपोर्ट देने की मांग की है..
आसिफ रिजवी/सूरज ओझा (मिड-डे), मुंबई। मुंबई पुलिस ने इस महीने अंतरराष्ट्रीय किडनी रैकेट का भंडाफोड़ किया था। उसी मामले की आगे की जांच के लिए मुंबई पुलिस ने विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर मिस्त्र में हुए किडनी प्रत्यारोपणों के बारे में रिपोर्ट देने की मांग की है।
मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, 'चूंकि प्रत्यारोपण मिस्त्र में हुए हैं, ऐसे में हमें इसके विवरण हासिल करने के लिए राजनयिक मंच का इस्तेमाल करना होगा।' सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है और देश के विभिन्न राज्यों में तहकीकात करने के लिए करीब पांच टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों ने पंजाब, जम्मू, बेंगलुरु, हैदराबाद और एर्नाकुलम में डेरा डाल रखा है। डोनर की तलाश में एक टीम पहले ही दिल्ली का दौरा कर चुकी है। लेकिन पता चला कि डोनर जम्मू का रहने वाला है, इसलिए वही टीम अब वहां रवाना हो गई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया, 'आरोपी की गिरफ्तारी के बाद से अब तक हम चार डोनरों (किडनी देने वाले) और चार मरीजों का पता लगा चुके हैं। चार मरीजों में एक पंजाब के एक राजनेता का करीबी रिश्तेदार है। इस मामले की भी जांच की जा रही है।'
गत सात सितंबर को जागरण समूह के समाचार पत्र मिड-डे ने अवैध रूप से किडनी प्रत्यारोपण कराने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ करने वाली खबर सबसे पहले छापी थी। मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एक संदिग्ध को पकड़ने के बाद पुलिस ने गिरोह के सरगना सुनील प्रजापति को भी अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया था। सुनील जनवरी 2016 में भी इसी मामले में गिरफ्तार किया गया था और वर्तमान में जमानत पर था।
यह भी पढ़ेंः अवैध हथियार मामले में सलमान खान को कोर्ट से राहत