'जबरन बिल पास कराने की कोशिश न करे सरकार', खरगे की पीएम मोदी को चिट्ठी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर मानसून सत्र के सत्रावसान में देरी पर सवाल उठाए हैं। ...और पढ़ें

HighLights
मानसून सत्र के सत्रावसान में अभूतपूर्व देरी पर सवाल उठाए।
नए परिसीमन प्रस्तावों पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की।
संवैधानिक संशोधन बिल जबरन पास न करने की चेतावनी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिख कर कुछ मामलों पर ऐतराज जताया है। मानसून सत्र को सत्रावसान करने में हुई अभूतपूर्व देरी करने पर खरगे ने सवाल उठाएं हैं। इसके साथ ही उन्होंने सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग भी पीएम से की।
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नए परिसीमन पर भी सरकार को आगाह किया है। इस विषय पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग करते हुए खरगे ने पीएम से कहा है कि संसद में परिसीमन प्रस्तावों को अंतिम रूप देने से पहले इसकी सख्त आवश्यकता है। विपक्ष परिसीमन के प्रस्ताव पर हर तरह से चर्चा करना चाहता है।
जबरन बिल पास ना कराने की मांग
खरगे ने पीएम को चेतावनी दी है वो किसी भी संवैधानिक संशोधन विधेयक को जबरन पास ना कराएं। बता दें कि पिछले चुनाव में विपक्ष ने बीजेपी पर ये आरोप लगाया था कि वो दो तिहाई बहुमत हासिल कर संविधान में संशोधन करना चाहती है। हालांकि मोदी सरकार ने इस मुद्दे पर साफ कर दिया कि संविधान में किसी को भी बदलाव करने की इजाजत नहीं है।
मानसून सत्र के सत्रावसान में देरी पर सवाल
खरगे ने पीएम मोदी को पत्र के जरिए कहा कि कहा कि मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुआ था। इसके बाद से 64 दिन बीत चुके हैं, लेकिन संसद के दोनों सदनों का अभी तक सत्रावसान नहीं किया गया है। इस देरी पर इशारा करते हुए उन्होंने पीएम को पत्र लिख कर एतराज जताया है।
कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने एक्स पर अध्यक्ष का शेयर करते हुए लिखा कि खरगे जी ने अभी प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर संसद के मानसून सत्र के सत्रावसान में हुई अभूतपूर्व देरी और मोदी सरकार की संभावित योजनाओं के बारे में बात की है।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
