प्रमुख आइएम आतंकवादी एजाज शेख गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सहारनपुर से इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) के कुख्यात आतंकी एजाज शेख को गिरफ्तार किया है। एजाज पर दिल्ली की जामा मस्जिद के बाहर बम विस्फोट समेत कई आरोप हैं। अभी उसके तीन साथी देवबंद क्षेत्र में छिपे हैं। पुलिस टीम ने उनकी गिरफ्तारी के लिए देवबंद, बेहट और सहारनपुर क्षेत्र में डेरा डाल लिया है।
सहारनपुर। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सहारनपुर से इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) के कुख्यात आतंकी एजाज शेख को गिरफ्तार किया है। एजाज पर दिल्ली की जामा मस्जिद के बाहर बम विस्फोट समेत कई आरोप हैं। अभी उसके तीन साथी देवबंद क्षेत्र में छिपे हैं। पुलिस टीम ने उनकी गिरफ्तारी के लिए देवबंद, बेहट और सहारनपुर क्षेत्र में डेरा डाल लिया है।
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के मुताबिक एजाज सईद शेख पुत्र सईद शेख महाराष्ट्र के 306, ग्लैक्सी अपार्टमेंट घोरपड़ी पेठ, पुणे का रहने वाला है। जामा मस्जिद बम विस्फोट के मामले में आरोपी एजाज की सरगर्मी से तलाश थी। शुक्रवार रात उसके मुरादाबाद से ट्रेन द्वारा सहारनपुर पहुंचने की सूचना मिली। शुक्रवार रात करीब दो बजे दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम में शामिल प्रभारी निरीक्षक ललित मोहन नेगी, ह्रदय भूषण व चन्द्रिका प्रसाद आदि ने उसे रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। एजाज पुणे में एक कॉल सेंटर कंपनी में काम करता था। उसने नकली पहचान पत्र और जाली दस्तावेज बनाने में आइएम की मदद की। वह 2009 से आइएम के लिए काम कर रहा है। कई धमाकों में उसकी संलिप्तता रही है, जिसमें से एक जामा मस्जिद ब्लास्ट भी है। दिल्ली पुलिस की सेल ने माना कि एजाज इराक और सीरिया में फैले आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आइएस) के लिए भारतीय नवयुवकों के भर्ती अभियान में शामिल भी हो सकता है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दिल्ली पुलिस ने दहशतगर्द एजाज शेख को सहारनपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने सदर बाजार थाने में शुक्रवार की रात इस बाबत आमद कराई थी।