केरल के पूर्व CM पिनाराई विजयन और बेटी वीना की बड़ी मुश्किलें, CMRL रिश्वत मामले में जांच के आदेश
केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाली UDF सरकार ने पूर्व सीएम पिनारई विजयन, उनकी बेटी वीना टी और दामाद पी. ...और पढ़ें

पूर्व सीएम पिनारई विजयन, बेटी-दामाद पर पुलिस जांच के आदेश।(फोटो-ANI)
डिजिटल डेस्क, तिरुवंतपुरम। केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाली UDF सरकार ने मंगलवार को एक बड़ा फैसले लेते हुए पूर्व सीएम पिनारई विजयन उनकी बेटी वीना टी और दामाद पी. ए. मोहम्मद रियास के खिलाफ पुलिस जांच का आदेश दिया है। यह फैसला ED द्वारा सौंपी गई एक विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है।
क्राइम ब्रांच करेगी मामले की जांच
राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने बताया कि सरकार ने ED की रिपोर्ट की जांच का जिम्मा DGP को सौंपा है। इस मामले से जुड़ी जानकारी के मुताबिक इस मामले की जांच राज्य की पुलिस की क्राइम ब्रांच विंग करेगी और इसके लिए कोई FIR दर्ज नहीं किया जाएगा।
एडवोकेट जनरल की कानूनी राय के बाद फैसला
सरकार ने ये फैसला एडवोकेट जनरल की कानूनी राय पर विचार करने के बाद लिया है। गृह मंत्री चेन्निथला ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री वी डी सतीसन के साथ मामले पर गहन चर्चा की, जिसके बाद DGP को जांच सौंपने के आदेश जारी किए गए।
मंत्री ने आगे कहा, 'उस कानूनी राय के आधार पर आज सुबह मुख्यमंत्री के साथ चर्चा हुई। चर्चा के बाद, DGP को इस मामले की जांच सौंपने का आदेश कुछ ही मिनटों में जारी कर दिया जाएगा।'
चेन्निथला ने कहा कि कानूनी राय सुप्रीम कोर्ट के दो फैसलों पर आधारित थी। ये फैसले कानून लागू करने वाली एजेंसियों की मिली जानकारी पर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी और FIR दर्ज करने से पहले किन हालात में शुरुआती जांच की जा सकती है इस बारे में है।
यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के 'ललिता कुमारी' मामले में दिए गए ऐतिहासिक फैसले पर आधारित है, जिसके तहत प्राथमिक जांच करके यह पता लगाया जा सकता है कि कोई संज्ञेय अपराध हुआ है या नहीं।
क्या है CMRL और 'एक्सलॉजिक' से जुड़ा विवाद?
ED का आरोप है कि 'कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड' (CMRL) नाम की कंपनी ने IT कंसल्टेंसी सेवाओं के नाम पर पूर्व सीएम की बेटी वीना टी की कंपनी एक्सलॉजिक सॉल्यूशंस को 2.78 करोड़ रुपये का अवैध भुगतान किया था।
केंद्रीय एजेंसी ने जून में वीना से जुड़ी जगहों की तलाशी ली थी जो उस समय तिरुवनंतपुरम में विजयन के साथ किराए के मकान में रह रही थीं और बाद में उनसे पूछताछ भी की थी।
चेन्निथला ने मामले के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि जांच को आगे कैसे बढ़ाया जाए, इसका फ़ैसला DGP करेंगे।
यह भी पढ़ें- केरलम में ABVP ने लेफ्ट के गढ़ में लगाई सेंध, 40 साल बाद कॉलेज के छात्र संघ चुनाव में हासिल की जीत
