यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 09, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
केरल: IAS अधिकारियों ने वापस लिया सामूहिक अवकाश पर जाने का निर्णय
केरल में आईएस अधिकारियों के एक वर्ग ने आज एक दिन के सामूहिक अवकाश पर जाने के अपने निर्णय को वापस ले लिया है।

तिरूवनंतपुरूम (एजेंसी)। केरल में आईएएस अधिकारियों के एक वर्ग और सतर्कता तथा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के निदेशक जैकब थॉमस के बीच रहे विवाद ने एक नया मोड़ लिया है। थॉमस द्वारा अपनी शक्तियों का दुरूपयोग करने के मामले में आईएएस अधिकारियों ने पहले आज सामूहिक अवकाश पर जाने का जो निर्णय लिया था उसे फिलहाल वापस ले लिया है ।
इससे पहले आईएएस अधिकारियों ने बैठक करने के बाद प्रेस नोट जारी करते हुए कहा था, "हमने केरल के अपने सहयोगियों से अनुरोध किया है कि वह 9 जनवरी को एक दिन के सामूहिक अवकाश पर रहकर विजिलेंस निदेशक, जो अपने अधिकारों का दुरूपयोग कर रहे हैं, के खिलाफ अपनी पीड़ा, दुख और पेशवेर असंतोष को दिखाने के लिए सहयोगियों के साथ एकजुट हों।"
पढ़ें- IAS राजेंद्र कुमार का CBI पर आरोप, 'केजरीवाल को फंसाने के लिए दवाब डाला'
आपको बता दें कि प्रशासन के दो शीर्ष कैडर के बीच जारी रस्साकशी में उस समय नया मोड आ गया जब आईएएस अधिकारियों के एक समूह ने शनिवार को बैठक कर बडी संख्या में आकस्मिक अवकाश पर जाने का निर्णय किया। समूह ने अपने साथियों से अपील की कि थॉमस को अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करने की इजाजत देने पर असंतोष जाहिर करने के लिए इस निर्णय का पालन करें।
मामले पर केपीसीसी के अध्यक्ष वी एम सुधीरन और पार्टी नीत यूडीएफ के विपक्षी नेता रमेश चेन्नीतला ने कहा कि अधिकारियों के बीच कलह से राज्य का प्रशासन पंगु हो गया है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर हमला करते हुए चेन्नीतला ने कहा कि वह थॉमस के खिलाफ शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं और उनके खिलाफ आरोपों पर जांच की मांग की।
