केरलम सरकार ने रद की सिल्वरलाइन सेमी-हाई स्पीड रेल परियोजना
केरलम सरकार ने पिछली एलडीएफ सरकार की महत्वाकांक्षी सिल्वरलाइन सेमी-हाई स्पीड रेल परियोजना को रद्द करने का फैसला किया है।

केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन
HighLights
केरलम सरकार ने सिल्वरलाइन सेमी-हाई स्पीड रेल परियोजना रद्द की।
भूमि अधिग्रहण संबंधी सभी अधिसूचनाएं अब रद्द की जाएंगी।
विरोध प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामले वापस लेने की सिफारिश।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने बुधवार को घोषणा की कि उनकी सरकार ने सिल्वरलाइन सेमी-हाई स्पीड रेल परियोजना को रद करने का निर्णय लिया है। यह पिछली एलडीएफ सरकार की महत्वाकांक्षी पहल थी। सतीशन ने कहा कि परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण संबंधी अधिसूचनाएं रद की जाएंगी।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने कैबिनेट बैठक के बाद कहा कि सरकार सिल्वरलाइन परियोजना का विरोध करने वालों के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों को अदालत के फैसले के अधीन वापस लेने की सिफारिश भी करेगी।
उन्होंने कहा, 'कैबिनेट ने तिरुअनंतपुरम से कासरगोड तक सिल्वरलाइन नामक सेमी-हाई स्पीड रेल कारिडोर परियोजना को रद करने का निर्णय लिया है।' पिछली सरकार की 530 किलोमीटर लंबी सिल्वरलाइन परियोजना से राज्य के दोनों छोर पर स्थित दो जिलों के बीच यात्रा का समय घटकर मात्र चार घंटे होने की उम्मीद थी।
कांग्रेस के नेतृत्व में इस परियोजना के खिलाफ राज्य भर में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय इसलिए लिया गया है क्योंकि परियोजना को छोड़ दिया गया था और अधिग्रहण के लिए अधिसूचित भूमि पर कोई लेन-देन नहीं हो सका, जिससे आम जनता प्रभावित हुई। चूंकि राज्य सरकार ने परियोजना को छोड़ दिया था, इसलिए केंद्र सरकार ने भी इसे मंजूरी नहीं दी।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
