केरल: तेज रफ्तार से दौड़ी राजभवन की कार, राज्यपाल ने पेश की मिसाल
राजभवन की एक कार कौडियार-वेल्लायामबलम मार्ग पर तय सीमा से अधिक स्पीड से दौड़ रही थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। देश में वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान आम तौर पर नियम कायदे ताक पर रख दिए जाते हैं। लेकिन, केरल के राज्यपाल ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन होने पर जुर्माना भर कर एक मिसाल कायम की है। मामला 7 अप्रैल का है जब राजभवन की एक कार कौडियार-वेल्लायामबलम मार्ग पर तय सीमा से अधिक स्पीड से दौड़ रही थी। जिसके बाद मोटर व्हीकल डिपार्टमेंट ने इसका चालान काट दिया।
दरअसल, हाल ही में मोटर व्हीकल डिपार्टमेंट की तरफ से इस मार्ग पर कैमरे लगाए गए हैं। इन्हीं कैमरों में मर्सडीज बेंज ई-250 निर्धारित 55 किमी/घंटा की अधिक स्पीड से दौड़ती दिखी। जांच में पता चला कि ये कार केरल के राज्यपाल के सचिव के नाम पर है। जिसके बाद मोटर व्हीकल डिपार्टमेंट ने 400 रुपये का चालान काटकर राजभवन को भेज दिया। हालांकि राज्यपाल इस कार में सफर नहीं कर रहे थे। इसके बावजूद राज्यपाल ने अपने स्टाफ को चालान भरने को कहा।
बतादें, जब राज्यपाल जब इस कार से सफर नहीं करते हैं तो राजभवन के कर्मचारी गाड़ी में लगे राष्ट्रीय चिन्ह को ढककर मेंटिनेंस या ईंधन भराने के लिए ले जाते हैं। इस कार को साल 2011 में खरीदा गया था।
मुख्य न्यायाधीश रह चुके हैं सदाशिवम
केरल के राज्यपाल पी सदाशिवम मुख्य न्यायाधीश भी रह चुके हैं। साल 2013 में उन्हें मुख्य न्यायाधीश के पद पर नियुक्त किया गया था। वे 27 अप्रैल 2014 को रिटायर हुए।