केरल में कंटेनर ट्रक और ओमनी की आमने-सामने टक्कर, वैन काटकर ड्राइवर को निकाला गया बाहर
केरल के कोट्टाराक्कारा में एक कंटेनर ट्रक और ओमनी वैन की भीषण टक्कर हो गई, जिसमें वैन चालक फंस गया।
HighLights
केरल के कोट्टाराक्कारा में कंटेनर ट्रक और ओमनी वैन की टक्कर
भीषण टक्कर के बाद वैन चालक फंसा, रेस्क्यू टीम ने बचाया
हादसे के कारण सड़क पर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गुरुवार शाम केरल के कोट्टाराक्कारा में एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। यहां सामने से आ रहे एक कंटेनर ट्रक और ओमनी वैन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका ड्राइवर वैन के अंदर ही फंस गया।
ऐसे हुआ ड्राइवर का रेस्क्यू
स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए कॉल किया। फायर एंड रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। ड्राइवर को बाहर निकालने के लिए क्षतिग्रस्त गाड़ी के हिस्सों को काटना पड़ा।
रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी समय लगा, लेकिन ड्राइवर को सुरक्षित निकाल लिया गया। हादसे की जगह पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया और आसपास के लोग भी मदद के लिए जुट गए।
खतरनाक वीडियो आया सामने
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि साफ रोड पर दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही हो रही है। तभी एक तेज रफ्तार ओमनी वैन लेन बदलते हुए सामने से आती हुई ट्रक के अंदर घुस जाति है।
यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण सबक की याद दिलाती है। गलत लेन में चले जाना या संकरी सड़कों पर जोखिम भरा ओवरटेक करने की कोशिश कितनी खतरनाक हो सकती है।
कई बार ड्राइवर जल्दबाजी में कुछ सेकंड बचाने के चक्कर में ऐसी गलती कर बैठते हैं, जिसके नतीजे बहुत गंभीर हो सकते हैं। जान-माल का नुकसान और घायलों का दर्द परिवारों को लंबे समय तक परेशान करता है।
