विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'3 साल का पैसा बचाकर रखिए', चेन्नई के बड़े इन्वेस्टमेंट एडवाइजर ने क्यों दी यह चेतावनी?

Published: Thu, 01 Oct 2026 11:37 PM (IST)

मशहूर म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर और इन्वेस्टमेंट एडवाइजर मुथुकृष्णन दंडपाणि ने एक्स पर दी सलाह में भविष्य में संभावित आर्थिक चुनौतियों को लेकर लोगों को आगाह किया है।

'3 साल का पैसा बचाकर रखिए', चेन्नई के दिग्गज इन्वेस्टमेंट एडवाइजर की चेतावनी (फोटो- एक्स)

'3 साल का पैसा बचाकर रखिए', चेन्नई के दिग्गज इन्वेस्टमेंट एडवाइजर की चेतावनी (फोटो- एक्स)

HighLights

  1. दंडपाणि ने कहा कोई नया कर्ज ना लें, रियल एस्टेट में भी खुद को ना बांधें

  2. दंडपाणि ने आर्थिक चुनौतियों को लेकर लोगों को आगाह किया है

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। मशहूर म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर और इन्वेस्टमेंट एडवाइजर मुथुकृष्णन दंडपाणि की एक पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। 29 सितंबर की शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट की गई इस सलाह में उन्होंने भविष्य में संभावित आर्थिक चुनौतियों को लेकर लोगों को आगाह किया है।

दंडपाणि ने लिखा कि मैं कोई भविष्य बताने वाला नॉस्ट्रैडेमस नहीं हूं। मैं सिर्फ पिछले दो सालों से उन संभावनाओं के बारे में आगाह करता आ रहा हूं, जो मुझे दिख रही थीं। मैं इसे एक बार फिर दोहराता हूं। पूरी कोशिश करके एक सुरक्षित रिजर्व या इमरजेंसी फंड बनाएं, जो आपके परिवार के तीन साल के पूरे खर्चों को कवर कर सके। कर्ज न लें। कोई नया लोन तो बिल्कुल ना लें। रियल एस्टेट या घर खरीदने जैसी लंबी अवधि की जिम्मेदारियों में खुद को ना बांधें।

उन्होंने यह भी कहा कि आकाश नहीं गिरने वाला। दुनिया ने पहले भी ऐसे संकट झेले हैं और आगे भी झेलेगी। ये उपाय कठिन समय को आर्थिक और भावनात्मक रूप से संभालने में मदद करेंगे। अच्छे दिन जरूर लौटेंगे। ये चक्र का स्वभाव है।

सामान्य तौर पर फाइनेंशियल एक्सपर्ट 3 से 6 महीने या अधिकतम एक साल के खर्च के बराबर इमरजेंसी फंड रखने की सलाह देते हैं। दंडपाणि की तीन साल की सलाह इससे कहीं ज्यादा सतर्क है। उनका जोर इस बात पर है कि आय अचानक प्रभावित होने पर परिवार के जरूरी खर्च बिना परेशानी चलते रहें।

इस पोस्ट के वायरल होने के बाद लोग अपनी-अपनी राय रखने लगे हैं। कुछ लोग इसे अति सतर्कता बता रहे हैं, तो कुछ इसे मौजूदा वैश्विक अनिश्चितताओं को देखते हुए सही सलाह मान रहे हैं।