कठुआ मामले के मुख्य गवाह ने लॉकअप में किया खुदकशी का प्रयास
कठुआ मामले में मुख्य गवाह तालिब हुसैन ने सांबा पुलिस स्टेशन के लॉकअप में दीवार से सिर मारकर खुदकशी का प्रयास किया।
जम्मू [जागरण संवाददाता]। कठुआ मामले में मुख्य गवाह तालिब हुसैन ने सांबा पुलिस स्टेशन के लॉकअप में दीवार से सिर मारकर खुदकशी का प्रयास किया। लॉकअप में बंद अन्य आरोपितों ने उसे रोक इसकी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद तालिब को बाहर निकालकर उसका इलाज कराया गया। दीवार में सिर मारने से वह बुरी तरह जख्मी हो गया। पुलिस आरोपित के खिलाफ खुदकशी के प्रयास का एक और मामला दर्ज कर लिया है।
सांबा पुलिस ने तालिब को दुष्कर्म के एक मामले में गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने महिला रिश्तेदार के साथ तेज धार हथियार दिखाकर जोर जबरदस्ती की। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपित दस दिन की पुलिस रिमांड पर है। इस बीच सोमवार दोपहर को तब यह घटना हुई, जब तालिब ने अचानक लॉकअप की दीवार से अपना सिर जोर-जोर से मारना शुरू कर दिया।
उधर, सर्वोच्च न्यायालय की महिला वकील इंदिरा जयसिंह ने ट्वीट कर सांबा पुलिस पर तालिब हुसैन को हिरासत में प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है । उनका कहना है कि तालिब कठुआ दुष्कर्म एवं हत्या मामले का मुख्य गवाह है। इस वर्ष जनवरी में कठुआ में आठ वर्षीय बच्ची का मामला सर्वोच्च न्यायालय पहुंचा था तब इंदिरा जय सिंह पीडि़त परिवार की ओर से कोर्ट मे पेश हुई थीं।