घाटी में सुधरे हालात, कश्मीर में उमड़ रही पर्यटकों की भीड़
घाटी के सभी पर्यटन संचालकों को पर्यटकों की बुकिंग बड़ी संख्या में मिल रही है जिससे वे आने वाले दिनों में बड़े व्यवसाय की उम्मीद कर रहे है।
श्रीनगर (एएनआई)। आतंकी गतिविधियों और राजनीतिक अस्थिरता के चलते धरती का स्वर्ग कहे जाने वाले जम्मू कश्मीर का पर्यटन बुरी तरह से प्रभावित हो गया था। घाटी में अशांति फैले होने के कारण राज्य का पर्यटन पिछले कुछ समय से ठप्प पड़ गया था। अब राज्य पर्यटन उद्योग इस दिशा में गंभीर हो गई है। यही कारण है कि ठंड शुरु होने के साथ ही घाटी फिर से गुलजार हो गई है। यहां पर्यटकों का आना-जाना फिर से शुरु हो गया है।
दुनियाभर के लोग कश्मीर भ्रमण के लिए ठंड के मौसम को सही मानते हैं। इस समय यहां की प्राकृतिक छटा देखते ही बनती है। चारों तरफ बर्फ की चादर और स्नोफॉल लोगों का मन मोह लेती है। कश्मीर की लोकप्रिय पर्यटन जगहों जैसे गुलमर्ग, सोनमर्ग, डल लेक, पहलगाम और मुगल गार्डन में साल के अंतिम दिनों में लोगों की काफी भीड़ उमड़ रही है।
प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाने जाने वाले कश्मीर घाटी में ठंड की पहली स्नोफॉल की शुरुआत के साथ ही लोगों का जमावड़ा शुरु हो जाता है। स्नोफॉल का आनंद लेने के लिए पर्यटक आमतौर पर पहलगाम और गुलमर्ग को प्राथमिकता देते हैं।
घाटी के सभी पर्यटन संचालकों को पर्यटकों की बुकिंग बड़ी संख्या में मिल रही है जिससे वे आने वाले दिनों में बड़े व्यवसाय की उम्मीद कर रहे है। कश्मीर टूरिज्म के डिप्टी डायरेक्टर कमिश्नर रियाज अहमद बताते हैं, इस साल के पहले स्नोफॉल के दौरान कई पर्यटक इस ओर आकर्षित हुए थे। 2018 में हमें हमारे बिजनेस में ज्यादा फायदे की उम्मीद है। मीडिया के द्वारा लोगों तक यह संदेश पहुंचाया जाना चाहिए कि कश्मीर घाटी में अब हालात काफी सुधर गए हैं।
कश्मीर गए एक टूरिस्ट ने अपना अनुभव व्यक्त करते हुए कहा, यह एक बहुत ही खूबसूरत अनुभव है। मैं यह कहना चाहता हूं कि जिसने भी अब तक कश्मीर नहीं घूमा है वह एक बार यहां जरुर आएं। अगर आप जन्नत देखना चाहते हैं तो यही जन्नत है। यहां के लोग भी काफी अच्छे हैं साथ ही एक अकेली महिला यात्री के लिए भी यह जगह बिल्कुल सुरक्षित है।
यह भी पढ़ें : बांस की खेती की छूट देने वाला वन संशोधन विधेयक पारित