राहुल गांधी को स्वामी का जवाब, नेहरू शासन में ही शुरू हो गई थी कश्मीर समस्या
राहुल गांधी ने रविवार को कहा था कि उन्होंने छह-सात महीने पहले ही रक्षा मंत्री अरुण जेटली को आगाह कर दिया था कि केंद्र कश्मीर को आग में झोंक रहा है।
नई दिल्ली, एएनआइ। कश्मीर में मौजूदा हालात को लेकर राजनीतिक पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस संबंध में अब कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बयान को लेकर भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के शासनकाल में ही कश्मीर समस्या शुरू हो गई थी।
राहुल गांधी ने रविवार को कहा था कि उन्होंने छह-सात महीने पहले ही रक्षा मंत्री अरुण जेटली को आगाह कर दिया था कि केंद्र कश्मीर को आग में झोंक रहा है। इस पर जेटली ने उन्हें झाड़ते हुए कहा था कि कश्मीर में शांतिपूर्ण माहौल है। इस पर स्वामी ने कहा, 'राहुल गांधी को जरूर कुछ इतिहास का अध्ययन करना चाहिए। कश्मीर समस्या नेहरू शासन में ही शुरू हो गई थी और इसमें ज्यादा सुधार नहीं हुआ।'
राहुल गांधी ने एनडीए सरकार पर कश्मीर को लेकर राजनीति करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार कश्मीर में राजनीतिक हितों के चलते देश के लिए समस्या पैदा कर रही है। राहुल गांधी ने कहा, 'कश्मीर भारत की ताकत है और मौजूदा सरकार कश्मीर को देश की कमजोरी बना रही है।'
गौरतलब है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब एक दिन पहले गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कश्मीर समस्या का किसी भी कीमत पर समाधान निकालने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि हम कश्मीर कर स्थायी समाधान निकालेंगे। राजनाथ ने वार्ता के भी संदेश दिए। उन्होंने कहा कि जो वार्ता की पहल के लिए तैयार हैं, सरकार उनसे वार्ता करेगी।
यह भी पढ़ें: कश्मीर में सीआरपीएफ के मुख्यालय पर आतंकी हमला, 4 आतंकी ढेर