स्टिंग ऑपरेशन विवाद पर कांग्रेस हाईकमान सख्त, कर्नाटक सरकार को दिए जांच के निर्देश
कांग्रेस हाईकमान ने कर्नाटक सरकार को मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और पूर्व सीएम सिद्दरमैया सहित अन्य नेताओं को निशाना बनाने वाले कथित स्टिंग ऑपरेशन की जांच के निर्देश दिए हैं।

स्टिंग ऑपरेशन विवाद पर कांग्रेस हाईकमान सख्त।
HighLights
कांग्रेस हाईकमान ने कर्नाटक सरकार को जांच के निर्देश दिए।
डीके शिवकुमार ने नेताओं की जासूसी का दावा किया।
सिद्दरमैया स्टिंग मामले में दिल्ली का व्यक्ति गिरफ्तार।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कांग्रेस हाईकमान ने कर्नाटक सरकार से मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दरमैया और अन्य नेताओं को कथित स्टिंग ऑपरेशन के जरिए निशाना बनाने की कोशिशों की जांच कराने को कहा है। यह निर्देश शिवकुमार के उस दावे के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि कुछ लोग नेताओं की गुप्त रिकॉर्डिंग करने की कोशिश कर रहे हैं।
शिवकुमार ने हाल ही में दावा किया था कि मेटा एआई स्मार्ट चश्मा पहने एक कारोबारी उनसे मिलने आया था। कारोबारी ने व्यापार पर चर्चा करने के बजाय राजनीतिक रणनीतियों और मतदान केंद्रों के स्तर पर चुनावी गणित पर बातचीत शुरू कर दी। इससे उन्हें संदेह हुआ कि उनकी बातचीत रिकॉर्ड करने या जासूसी करने की कोशिश की जा रही है।
शिवकुमार के अनुसार, उक्त कारोबारी केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन से भी मिला था। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके कुछ कैबिनेट सहयोगियों को स्टिंग ऑपरेशन के जरिए फंसाने की कोशिश की गई। उन्होंने मंत्रियों को सतर्क रहने की सलाह देने और एहतियाती कदम उठाने की बात कही।
वहीं, केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने आरोप लगाया कि शिवकुमार और गृह मंत्री प्रियांक खरगे उन्हें इस मामले में फंसाने की साजिश कर रहे हैं। कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खरगे ने कहा कि मुख्यमंत्री या वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात के दौरान कैमरे वाले स्मार्ट चश्मे पहनना संदेह पैदा कर सकता है। उन्होंने आगंतुकों से निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करने और पद की गरिमा का सम्मान करने की अपील की।
सिद्दरमैया का स्टिंग ऑपरेशन करने के आरोप में दिल्ली का एक व्यक्ति गिरफ्तार
इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से जुड़े कथित स्टिंग वीडियो मामले में दिल्ली निवासी रितेश पांडे को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पुलिस वीडियो अपलोड करने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और उसके डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। अधिकारियों ने मोबाइल फोन जब्त किए हैं, ताकि वीडियो के प्रसार और इसके पीछे शामिल लोगों का पता लगाया जा सके।
सिद्धारमैया के बेटे यतींद्र सिद्दरमैया ने आरोप लगाया था कि उनके पिता की छवि खराब करने के लिए कांग्रेस के ही कुछ लोगों ने कथित स्टिंग ऑपरेशन किया। इस पर भाजपा नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी के 'मोहब्बत की दुकान' नारे पर सवाल उठाते हुए कहा कि कर्नाटक में यह ‘स्टिंग ऑपरेशन की दुकान’ हो गई है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
