विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 26, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कानपुर में भाजपाइयों से भिड़े अखिलेश के करीबी एसएसपी

By Edited By:
Published: Thu, 26 Dec 2013 12:29 PM (IST)Updated: Thu, 26 Dec 2013 12:30 PM (IST)

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नौ रत्‍‌नों में शामिल कानपुर के एसएसपी यशस्वी यादव ने बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

लखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नौ रत्‍‌नों में शामिल कानपुर के एसएसपी यशस्वी यादव ने बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर शिक्षक पार्क नवीन मार्केट में आयोजित हवन-पूजन के कार्यक्रम से लौटते भाजपाइयों से तीखी झड़प की और उनसे उलझ गए। बवाल तब हुआ, जब एसएसपी ने भाजपा पार्षद की कार की चाबी निकाल ली। पार्षद को एसएसपी की देख लेने की धमकी के बाद काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। जब मामला बढ़ा तो एसएसपी चले गए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने इस मामले की शिकायत शासन से करने की बात कही है।,

शिक्षक पार्क में जुटे भाजपा कार्यकर्ता हवन-पूजन कर रहे थे। उन्होंने गाड़ियां पार्क के बाहर खड़ी की थीं। कार्यक्रम समाप्त होने पर भाजपा पार्षद रमापति झुनझुनवाला बाहर आकर कार में पूर्व पार्षद विकास जायसवाल और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ बैठे ही थे, इतने में एसएसपी यशस्वी यादव सामान्य वेश में पहुंच गए। उन्होंने रमापति की कार की चाबी निकाल ली तो सिपाहियों ने अन्य वाहनों की चाबियां छीन लीं। चाबी मांगी गई तो एसएसपी ने देने से मना करते हुए कहा कि सड़क पर कार किसके आदेश पर खड़ी की। बस इसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई।

एसएसपी ने विकास जायसवाल को थप्पड़ मारने की कोशिश की। इस पर कार्यकर्ताओं ने हाथ पकड़ लिया। इसके बाद एसएसपी और विकास के बीच गुत्थमगुत्था होने लगी। एसएसपी ने जब विकास को कार पर लादने की कोशिश की तो कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ताओं को धक्का दे दिया। इसी बीच, भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष गुड्डी शर्मा और महिला कार्यकर्ता एसएसपी और उनकी गाड़ी को घेर कर लेट गई। महिला कार्यकर्ताओं ने एसएसपी से विकास को छुड़ा कर भाजपा कार्यालय में भेज दिया। धक्कामुक्की में गुड्डी शर्मा की अंगूठी और परिणिता द्विवेदी की चेन गिर गई। मौके की नजाकत को भांपते हुए एसएसपी वहां से निकल लिए।

एसएसपी यशस्वी यादव ने बताया कि भाजपा के लोग गाड़ी सड़क के बीच में खड़ा कर दबाव बनाते हैं। भाजपाइयों ने आचरण में सुधार न किया तो कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि इस मामले में प्रमुख सचिव (गृह) से बात की जाएगी। यह कैसे बर्दाश्त किया जा सकता है कि भाजपा का झंडा लगी गाड़ी से चाबी निकाली जाए और सपा की गाड़ियों को छोड़ दिया जाए।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा विधायक कलराज मिश्र ने कहा कि एडीजी कानून व्यवस्था और डीआईजी से बात की है। प्रथम दृष्टया लगता है कि माहौल को बिगाड़ने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को जानबूझकर छेड़ने की कोशिश की गई। यह हरकत ठीक नहीं है। दोषियों पर कार्रवाई होना चाहिए।'

भाजपा प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह ने कहा कि एसएसपी ने सिविल ड्रेस में पहुंच कर महिलाओं से जो दु‌र्व्यवहार किया वह बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। बेवजह उत्पीड़न हुआ तो प्रदेश भाजपा कानपुर में डेरा जमा लेगी।

पूर्व पार्षद विकास जायसवाल ने कहा कि चाबी वापस मांगने पर एसएसपी ने गिरेबां पकड़ ली, बिना वर्दी पहुंचे एसएसपी की इस हरकत का विरोध करने पर पुलिसकर्मी जबरन उठा कर ले जाने लगे तो पार्टी कार्यकर्ताओं ने बचाया।

कानपुर से संबंधित खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के 89वें जन्मदिन से संबंधित खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर