यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 28, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कमल हासन के कन्नड़ विरोधी टिप्पणी पर बवाल, कर्नाटक में कई जगहों पर हुए प्रदर्शन; फिल्म पर लग सकता है बैन
कर्नाटक में कमल हासन की तमिल ने कन्नड़ को जन्म दिया टिप्पणी पर विवाद हो गया है। कन्नड़ समर्थक समूहों ...और पढ़ें

HighLights
- बेलगावी में जलाए गए कमल हासन के पोस्टर
- ठग लाइफ की स्क्रीनिंग बाधित करने की चेतावनी
- कमल हासन के खिलाफ बेंगलुरु पुलिस में शिकायत
पीटीआई, बेंगलुरु। कर्नाटक में कन्नड़ समर्थक समूहों ने अभिनेता कमल हासन के 'तमिल ने कन्नड़ को जन्म दिया' टिप्पणी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस मामले में उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है, जबकि एक फिल्म संघ उनके आगामी रिलीज 'ठग लाइफ' पर प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहा है।
यह फिल्म प्रसिद्ध फिल्म निर्माता मणिरत्नम निर्देशित है। वहीं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने कहा कि कन्नड़ भाषा का एक बहुत लंबा इतिहास है और अभिनेता कमल हासन इसके बारे में अनजान हैं।
चेन्नई में की थी टिप्पणी
कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष एम. नरसिम्हालु ने बुधवार को कहा कि उन्होंने कन्नड़ फिल्म उद्योग के सभी हितधारकों के साथ गुरुवार को बैठक बुलाई है ताकि हासन पर संभावित प्रतिबंध पर चर्चा की जा सके। वयोवृद्ध अभिनेता कमल हासन की टिप्पणी 'तमिल ने कन्नड़ को जन्म दिया' उनकी आगामी फिल्म 'ठग लाइफ' के आडियो लांच के दौरान चेन्नई में की गई थी, जो दक्षिणी राज्य में कई लोगों को पसंद नहीं आई।
राज्य भाजपा अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने अभिनेता पर कन्नड़ का 'अपमान' करने का आरोप लगाया और उनसे बिना शर्त माफी की मांग की। कई कन्नड़ संगठनों ने राज्य के विभिन्न हिस्सों जैसे बेलगावी, मैसूरु, हुब्बाली और बेंगलुरु में प्रदर्शन किए। कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि कन्नड़ का एक हजारों वर्षों का इतिहास है।
राज्य के लोगों से माफी मांगने की मांग
- उन्होंने बेलगावी और कुछ अन्य स्थानों पर कमल हासन के पोस्टर जलाए और उनके खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने राज्य के लोगों से माफी मांगने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि उन्होंने माफी नहीं मांगी, तो वे उनकी फिल्म 'ठग लाइफ' की स्क्रीनिंग बाधित करेंगे। केएफसीसी के पूर्व अध्यक्ष और फिल्म फेडरेशन आफ इंडिया के उपाध्यक्ष एनएम सुरेश ने कहा कि अभिनेता को कन्नडि़यों से माफी मांगनी चाहिए।
- कन्नड़ समर्थक संगठन 'कर्नाटक रक्षा वेदिके' ने कमल हासन के खिलाफ बेंगलुरु पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। प्रवीण शेट्टी के नेतृत्व वाले संगठन ने आरटी नगर पुलिस स्टेशन में अभिनेता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि हर बार जब नई तमिल फिल्म रिलीज होती है, तो वे कन्नडि़यों के आत्मसम्मान को चोट पहुंचा रहे हैं।'
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु में भाषा विवाद: हिंदी बोलने का दबाव डालने वाले युवक ने कन्नड़ में मांगी माफी
