राजस्थान को मिला नया राज्यपाल, कलराज मिश्र ने ली शपथ
कलराज मिश्र ने सोमवार को राजस्थान के नए राज्यपाल पद की शपथ ली। राजभवन में आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम अशोक गहलोत भी शामिल रहे।
जयपुर, जेएनएन। कलराज मिश्र (Kalraj Mishra) आज यानी सोमवार को राजस्थान के नए राज्यपाल पद की शपथ ली। इस कार्यक्रम में उनके साथ अनके राजनेता शामिल रहे। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप- मुख्यमंत्री सचिन पायलट भी इस शपथ समारोह में शिरकत की। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन राजभवन में किया गया।
जयपुर एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत
रविवार को कलराज मिश्र जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे, यहां पर उनका स्वागत खुद सीएम अशोक गहलोत, उप- मुख्यमंत्री सचिन पायलट और विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर सीपी जोशी ने किया।
कल्याण सिंह की जगह कलराज मिश्र बने राज्यपाल
राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का कार्यकाल आज यानी सोमवार को खत्म हुआ। उनके स्थान पर कलराज मिश्र को राज्यपाल बनाया गया है। पूर्व में भाजपा से जुड़े रहे कलराज मिश्र केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। इसके अलावा वह हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल भी रह चुके हैं।
कल्याण सिंह को दी गई थी विदाई
कल्याण सिंह का कार्यकाल खत्म होने के दौरान राजभवन के सदस्यों ने उन्हें काफी भावनात्मक विदाई दी। उम्मीद जताई जा रही है कि वह एक बार फिर से भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। इस विदाई समारोह में कल्याण सिंह ने कहा कि अगर बीते 5 सालों में मुझसे कोई गलती हो गई हो तो मुझे माफ कर देना।
कलराज मिश्र की निजी जानकारी
कलराज मिश्र का जन्म 1 जुलाई 1941 में हुआ। वह उत्तर प्रदेश में गाजीपुर के रहने वाले हैं। उनकी शिक्षा महात्मा गांधी काशी विधापीठ से हुई है।
यह भी पढ़ें: 31 अगस्त को अपने पैतृक आवास गाजीपुर आएंगे हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कलराज मिश्र