विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आंध्र प्रदेश के कडप्पा में चुनाव नामांकन के दौरान TDP और YSRCP के बीच झड़प, पुलिस ने की 6 राउंड फायरिंग

Published: Sat, 17 Oct 2026 07:40 PM (IST)

आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में स्थानीय निकाय चुनाव नामांकन के दौरान टीडीपी और वाईएसआरसीपी कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़पें हुईं।

कडप्पा में स्थानीय निकाय चुनाव नामांकन के दौरान झड़पें हुईं।

कडप्पा में स्थानीय निकाय चुनाव नामांकन के दौरान झड़पें हुईं।

HighLights

  1. कडप्पा में स्थानीय निकाय चुनाव नामांकन के दौरान झड़पें हुईं।

  2. पुलिवेंदुला में पुलिस ने भीड़ पर हवाई फायरिंग की।

  3. कई YSRCP नेताओं को एहतियातन घर में नजरबंद किया गया।

डिजिटल डेस्क, अमरावती। आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में स्थानीय निकाय चुनाव के नामांकन दाखिल करने के दूसरे दिन कई जगहों पर टीडीपी (TDP) और वाईएसआरसीपी (YSRCP) के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़पें हुईं।

पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के गृह निर्वाचन क्षेत्र पुलिवेंदुला में स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हवा में छह राउंड फायरिंग और लाठीचार्ज करना पड़ा।

पुलिवेंदुला में क्यों हुआ विवाद

पुलिवेंदुला में विवाद उस समय शुरू हुआ जब बड़ी संख्या में YSRCP कार्यकर्ता नामांकन केंद्र के भीतर दाखिल होने की कोशिश करने लगे। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें कुछ समय के लिए रुकने को कहा क्योंकि उस समय TDP उम्मीदवार और उनके समर्थक पहले से ही केंद्र के अंदर मौजूद थे।

इसी बात को लेकर YSRCP समर्थकों और पुलिस के बीच तीखी बहस हो गई। जब कार्यकर्ताओं ने जबरन अंदर घुसने की कोशिश की, तो स्थिति बेकाबू हो गई और पुलिस को हवाई फायरिंग व लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा।

कई इलाकों में हुई पत्थरबाजी में कार्यकर्ता घायल

पुलिवेंदुला के अलावा कडप्पा जिले के अन्य हिस्सों में भी हिंसा की खबरें सामने आईं। कागिथालापेंटा और गांधी नगर में नामांकन केंद्रों के बाहर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर पथराव हुआ। जिसमें कई लोग घायल हो गए। मैदुकुर नगर पालिका कार्यालय सहित कई केंद्रों पर दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़पे दर्ज की गई।

बिगड़ती कानून-व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए, जिला एसपी शेलके नचिकेत विश्वनाथ ने पुलिवेंदुला और मैदुकुर सहित हिंसा प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल भेजा।

कई YSRCP नेता हाउस अरेस्ट

तनाव बढ़ने से रोकने के लिए पूर्व उपमुख्यमंत्री एसबी अमजद बाशा और कमलपुरा के पूर्व विधायक रवींद्रनाथ रेड्डी समेत कई प्रमुख YSRCP नेताओं को एहतियातन उनके घरों में नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया गया है।

YSRCP सांसद का नायडू सरकार पर आरोप

कडप्पा से वाईएसआरसीपी सांसद वाईएस अविनाश रेड्डी ने मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायडू और मानव संसाधन विकास मंत्री नारा लोकेश पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी उम्मीदवारों को डराने और उन्हें स्थानीय निकाय चुनाव लड़ने से रोकने के उद्देश्य से टीडीपी कार्यकर्ताओं से इस तरह के हमले करवाए जा रहे हैं।