जेएनयू में छात्रा को काट डाला
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय [जेएनयू] में बुधवार को चलती क्लॉस में एक हैरतअंगेज घटना हुई। प्रेम-संबंध टूटने से नाराज छात्र ने छात्रा पर पहले कुल्हाड़ी से वार किया फिर खुद को भी घायल कर लिया। इसके बाद उसने सल्फास की गोलियां निगल लीं। एम्स ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान छात्र आकाश की मौत हो गई जबकि छात्रा रोशनी का सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसके सिर पर गहरे जख्म आए हैं।
नई दिल्ली [जागरण संवाददाता]। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय [जेएनयू] में बुधवार को चलती क्लॉस में एक हैरतअंगेज घटना हुई। प्रेम-संबंध टूटने से नाराज छात्र ने छात्रा पर पहले कुल्हाड़ी से वार किया फिर खुद को भी घायल कर लिया। इसके बाद उसने सल्फास की गोलियां निगल लीं। एम्स ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान छात्र आकाश की मौत हो गई जबकि छात्रा रोशनी का सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसके सिर पर गहरे जख्म आए हैं।
आकाश मूलरूप से बिहार के गया का रहने वाला था, जबकि रोशनी मुजफ्फरपुर की है। दोनों डिपार्टमेंट ऑफ कोरियन लैंग्वेज में तीसरे वर्ष में पढ़ते थे। जेएनयू के इतिहास में इस तरह की यह पहली घटना बताई जा रही है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आकाश और रोशनी (22) के बीच काफी दिनों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले रोशनी ने आकाश से संबंध तोड़ लिया था। उसका झुकाव किसी और लड़के की तरफ था। इस बात से आकाश नाराज था। वह झेलम छात्रावास के कमरा नंबर 131 जबकि रोशनी शिप्रा हॉस्टल के कमरा नंबर 202 में रहती थी। बुधवार सुबह दोनों क्लॉसरूम में आए थे।
करीब 11 बजे अचानक आकाश ने कुल्हाड़ी व चाकू से रोशनी पर वार करना शुरू कर दिया। उसे बुरी तरह घायल कर उसने खुद को भी घायल कर लिया और सल्फास की गोलियां खा लीं। अन्य छात्रों ने बीच-बचाव के बाद घटना की जानकारी पुलिस और जेएनयू प्रशासन को दी। दक्षिण जिला पुलिस के डीसीपी बीएस जायसवाल ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रख मामले की जांच की जा रही है।
उड़िया सीखने दिल्ली गया था आकाश
जागरण संवाददाता, गया। दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में बुधवार को युवती पर हमला करने के बाद विषाक्त खाकर आत्महत्या करने वाला आकाश उड़िया भाषा सीखने दिल्ली गया था। गया जिले के बुनियादगंज थाना के मदारपुर गांव निवासी किसान शिव वचन सिंह का चौथा पुत्र आकाश (24) तीन वर्ष से दिल्ली में रहता था। घटना की खबर मिलते ही आकाश के फौजी भाई अरुण सिंह दिल्ली रवाना हो गए। आकाश से बड़े उसके तीनों भाइयों का विवाह हो चुका है। आकाश की प्रारंभिक शिक्षा जेठियन नवोदय विद्यालय में हुई। कॉलेज शिक्षा लेने के बाद वह जेएनयू, दिल्ली चला गया था।
छात्रा के घर में पसरा सन्नाटा
मुजफ्फरपुर। जेएनयू के डिपार्टमेंट ऑफ कोरियन लैंग्वेज में शहर की लाडली पर हमले की खबर ने सभी को चौंका दिया। छात्रा के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रमना शंकर मोहल्ला स्थित घर में सन्नाटा पसरा रहा। छात्रा रोशनी के पिता भगवान प्रसाद बजाज सूतापट्टी में कपड़े का थोक व्यापार करते हैं। इनके तीन पुत्र व चार पुत्रियां है जिसमें रोशनी ही दिल्ली में पढ़ाई कर रही थी। रोशनी के भाई संदीप बजाज ने दूरभाष पर बताया कि गर्मी की छुट्टी में एक माह पूर्व वह घर आई थी। बुधवार को घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग दिल्ली रवाना हो गए हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर