जेट एयरवेज के विमान का लैंडिंग के समय पहिया हुआ जाम, पायलट की सूझबूझ से टला हादसा
जेट एयरवेज के मुंबई- भोपाल उड़ान के दौरान पायलट की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
भोपाल (नईदुनिया)। जेट एयरवेज के मुंबई- भोपाल उड़ान के दौरान पायलट की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि गुरुवार को मुंबई से भोपाल आ रहे जेट एयरवेज के एक विमान का लैंडिंग के समय अगला पहिया जाम हो गया। विमान हिचकौले खाता हुआ रन-वे से पैरामीटर रोड की तरफ फिसल गया। पायलट ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर बड़े हादसे को टाल दिया।
गुरुवार रात 10 बजे की घटना
विमान में 120 यात्री सवारे थे। सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया। उड़ान संख्या नौ डब्ल्यू 895/ 896 गुरुवार रात्रि करीब 10 बजे राजा भोज एयरपोर्ट पर लैंड होने वाली थी। सूत्रों के अनुसार विमान ने जैसे ही रन-वे टच किया, विमान के अगले व्हील बेस में खराबी आ गई। अगला पहिया जाम होने के कारण विमान हिचकौले खाता हुए पैरामीटर रोड की तरफ खिसक कर धंस गया। विमान का संतुलन बिगड़ने से यात्रियों ने जोरदार झटका महसूस किया। पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आपातकालीन ब्रेक लगाकर हादसा टाल दिया। बाद में विमान को पुश बैक ट्राली की मदद से एयरोब्रिज तक लाया गया। घबराए यात्रियों ने सुरक्षित होने पर संतोष प्रकट किया।
व्हील बेस निकलता तो होता बड़ा हादसा
जानकारों के अनुसार यदि विमान का व्हील बेस विमान से अलग होकर निकल जाता तो विमान पैरामीटर रोड पर जाकर पलट सकता था। ऐसी स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था। विमान की खराबी सुधारने के लिए जेट एयरवेज ने देर रात को ही इंजीनियरों की टीम को बुला लिया था।
पहले भी कई बार आ चुकी हैं विमानों को खराबी
गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों में अलग-अलग एयरलाइंस के विमानों में खराबी का मामला सामने आ चुका है।कई बार तो विमान की इमरजेंसी लैंडिग भी कराई गई। कुछ दिन पहले ही दुबई जाने वाले इंडिगो एयरलाइन के एक विमान की मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी।