15 घंटे बाद खुला भूस्खलन के चलते बंद हुआ जम्मू-श्रीनगर हाईवे
भूस्खलन के चलते बंद हुए जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया है। बारिश के चलते खैरी में नई और पुरानी पस्सी पर कई बार भूस्खलन हुआ था।
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर: जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर खैरी में हुए भारी भूस्खलन को हटाकर 15 घंटे बाद सोमवार सुबह राजमार्ग पर यातायात तो बहाल कर दिया गया, लेकिन दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। बारिश की वजह से रविवार को ऊधमपुर से करीब चार किलोमीटर आगे खैरी में नई और पुरानी पस्सी पर कई बार भूस्खलन हुआ। शाम करीब सवा चार बजे सड़क पर भारी मलबा आ जाने से हाईवे रातभर बंद रहा।
पूरी रात मलबा हटाने का काम जारी रहा और तकरीबन 15 घंटे बाद सुबह सात बजे मलबा हटाने के बाद खैरी में एक तरफा वाहन गुजरने लायक रास्ता तैयार कर यातायात बहाल कर दिया गया। इसके बाद खैरी से लेकर ऊधमपुर तक वाहन कई जगह पर जाम में फंस कर रेंगते हुए आगे बढ़े।
ये भी पढ़ें- उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी, गंगा का जलस्तर बढ़ा
रात से फंसे सभी वाहनों को निकालने के बाद जम्मू की तरफ से आए जखैनी में रोके गए वाहनों को भी आगे जाने की अनुमति दी गई। दोपहर तक खैरी इलाके में बारी-बारी से वाहनों को छोड़ा गया। दोपहर बाद खैरी में क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत के लिए एक घंटे से अधिक समय तक हाईवे पर ट्रैफिक रोका गया।
इसके बाद दो वाहनों के गुजरने लायक रास्ता तैयार कर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई। इसके बाद धीरे-धीरे हाईवे पर यातायात सामान्य तो हो गया, लेकिन जाम भी लगा रहा। एसएचओ ऊधमपुर ओपी चिब ने कहा कि शाम सात बजे यातायात सुचारू होने के कारण जखैनी में वाहनों को रोकना बंद कर दिया गया और वहां पर लगाया नाका खोल दिया गया।
ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: भारी बारिश से उफान पर कई नदियां, तीन लोगों की मौत