जम्मू कश्मीर: नौशहरा सेक्टर में PAK ने फिर किया सीज़फायर उल्लंघन, दो जवान घायल
पाकिस्तान सेना की ओर से जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा(LoC) पर सीजफायर उल्लंघन किया गया।
नौशहरा, जेएनएन। सीमा पर एकबार फिर पाकिस्तान ने संघर्ष विराम(सीज़फायर) का उल्लंघन किया है। पाकिस्तान सेना की ओर से जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर सीजफायर उल्लंघन किया गया। भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया और पाकिस्तान सेना के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की। शुक्रवार रात करीब 9 बजे पाकिस्तान ने नौशहरा सेक्टर में एलओसी से सटे बाबा खोड़ी सेक्टर पर पहले छोटे हथियारों से गोलीबारी की और उसके बाद मोर्टार भी दागे। चौकी पर तेनात दो जवान नायक कालू राम आैर सिपाही गौतम मोर्टार की चपेट में आकर घायल हो गए। ये दोनों जवान 16 ग्रेनेडियर रेजिमेंट से है। दोनों घायलों को तुरंत रानौरी सैन्य अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।
पाकिस्तान की इस कायराना हरकत का भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। यह पहला मौका नहीं है जब पाकिस्तान ने रात के अंधेरे में गोलीबारी या मोर्टार दागे हो। इससे पहले भी कई मौकों पर पाकिस्तान यह नापाक हरकत कर चुका है। लेकिन हर बार भारत की तरफ से कड़ी प्रतिक्रिया के बाद उसे अपने कदम पीछे खींचने पड़े हैं। शुक्रवार रात भी ऐसा ही देखने को मिला। भारत की तरफ से मिली जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के हौसले पस्त होते हुए दिखाई दिए। सैन्य सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तानी चौकियों को भी जवाबी कार्रवाई में काफी नुकसान पहुंचा।
बता दें, पुलवामा हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान स्थित बालाकोट में एयर स्ट्राइक की थी, लेकिन इसके बाद भी पाकिस्तान नहीं सुधर रहा है। पाकिस्तान में बैठे आतंकवादी और वहां की सेनाओं की ओर से हर वक्त भारत के खिलाफ साजिश ही रची जा रही है। हालांकि, हर बार भारत के जवान उनकी नापाक हरकत को नाकाम कर दे रहे हैं।